बलरामपुर : नाबालिग लड़के और लड़की का शव पेड़ से लटका मिला, जांच शुरू

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक नाबालिग लड़के और लड़की का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, ऐसी आशंका है कि प्रेम संबंध में दोनों ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धंधापुर गांव में नदी के किनारे एक पेड़ पर 15 वर्षीय लड़की और 17 वर्षीय लड़के का शव लटका हुआ मिला.

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को रविवार दोपहर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस के एक दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लड़की 10वीं कक्षा की छात्रा थी. उन्होंने बताया कि लड़का जिले के बघिमा गांव का रहने वाला था और अपनी बुआ के घर में रहता था.

उन्होंने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली कि दोनों की पिछले कुछ समय से जान-पहचान थी और लड़की के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे. वहीं ग्रामीणों ने बताया कि दोनों शनिवार रात को ही घर से निकले थे और रविवार दोपहर बाद एक चरवाहा ने उनके शव को पेड़ से लटका हुआ देखा, जिसके बाद घटना की सूचना अन्य ग्रामीणों को दी. पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button