धमतरी: तालाब में डूबने से दो बालिकाओं की मृत्यु

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 May 2024 07:20 PM
धमतरी: तालाब में डूबने से दो बालिकाओं की मृत्यु

ऑडियो सुनें

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तालाब में डूबने से दो बालिकाओं की मौत हो गई है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अर्जुनी थाना क्षेत्र के पीपरछेड़ी गांव में तालाब में नहाने गई 12 वर्ष की दो बालिकाओं– दीपाली यादव और ओमलता यादव की डूबने से मौत हो गई. उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों बालिकाएं और छह वर्ष का एक बालक तालाब में नहाने गए थे, इस दौरान दोनों बालिकाएं डूब गई.

उन्होंने बताया कि जब ग्रामीणों को इस घटना की सूचना मिली तब उन्होंने बालिकाओं को निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा दोनों बालिकाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा वह जांच कर रही है.

By Yogesh Kumar Sahu