मोदी के शपथग्रहण समारोह में भारत के पड़ोसी, हिंद महासागर क्षेत्र के सात नेता हुए शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jun 2024 09:27 PM
मोदी के शपथग्रहण समारोह में भारत के पड़ोसी, हिंद महासागर क्षेत्र के सात नेता हुए शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे सहित भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के शीर्ष नेता रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए.

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, उनके भूटानी समकक्ष शेरिंग टोबगे और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ भी राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में शामिल हुए. लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा 543 में से 293 सीट हासिल किए जाने के कुछ दिन बाद मोदी ने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली.

समारोह में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, एस जयशंकर और पीयूष गोयल शामिल थे. हसीना और अफीफ जहां शनिवार को दिल्ली पहुंचे, वहीं मुइज्जू, प्रचंड, विक्रमसिंघे, जगन्नाथ और टोबगे रविवार को पहुंचे. विदेश मंत्रालय ने कहा कि सात देशों के नेताओं को भारत की ‘पड़ोस प्रथम’ नीति और ‘सागर’ दृष्टिकोण को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप आमंत्रित किया गया.

इसने कहा कि भारत, ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) की व्यापक नीति रूपरेखा के अंतर्गत हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग कर रहा है. क्षेत्रीय समूह दक्षेस (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) देशों के नेताओं ने मोदी के पहले शपथग्रहण समारोह में भाग लिया था, जब 2014 में उन्होंने भाजपा की शानदार चुनावी जीत के बाद प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था.

मोदी जब 2019 में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने तो उनके शपथग्रहण समारोह में बिम्सटेक देशों के नेता शामिल हुए थे.
भारत के अलावा, बिम्सटेक (बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) में श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमा, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu