छत्तीसगढ़: विस्फोट की अलग-अलग घटनाओं में आईटीबीपी के दो जवान समेत तीन जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Jun 2024 06:41 PM
छत्तीसगढ़: विस्फोट की अलग-अलग घटनाओं में आईटीबीपी के दो जवान समेत तीन जवान घायल
ऑडियो सुनें

नारायणपुर/बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में विस्फोट की अलग-अलग घटनाओं में सुरक्षाबलों के तीन जवान घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के दो जवान घायल हो गए तथा बीजापुर में प्रेशर बम में विस्फोट होने से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतुल गांव के करीब बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस के दो जवान घायल हो गए हैं. उन्होंने बताया कि नारायणपुर के कोहकामेटा थानाक्षेत्र के कुतुल और मोहंदी गांव के मध्य जंगलों में गश्त के लिए आईटीबीपी के 53वीं वाहिनी के दल को रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि गश्त के दौरान आज सुबह करीब छह बजकर तीस मिनट पर कुतुल गांव के करीब नक्सलियों द्वारा लगाई गई बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में दो जवान घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घायल जवानों को घटनास्थल से अस्पताल ले जाया गया और उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में बीजापुर जिले के मद्देड़ थानाक्षेत्र में एक प्रेशर बम की चपेट में आकर डीआरजी का एक जवान घायल हो गया. उन्होंने बताया कि माओवादी रोधी अभियान के तहत बीजापुर से डीआरजी, बस्तर फाइटर, विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को गश्त में रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि दल जब आज मद्देड़ थानाक्षेत्र अंतर्गत बंदेपारा गांव के जंगल में था तब माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम में विस्फोट होने से बीजापुर डीआरजी का जवान लच्छु कड़ती घायल हो गया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने बताया कि घायल जवान की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu