दुर्ग जिले में अज्ञात व्यक्ति ने दो लोगों को गोली मारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Jun 2024 07:08 PM
दुर्ग जिले में अज्ञात व्यक्ति ने दो लोगों को गोली मारी

ऑडियो सुनें

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों को गोली मार दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि भिलाई शहर के सेक्टर-सात में ग्लोब चौक के निकट मंगलवार रात करीब 1:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों सुनील यादव (30) और आदित्य सिंह (24) को गोली मार दी.

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों युवक एक अन्य मित्र रमनदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे तभी एक अन्य दोपहिया वाहन पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति किसी बात को लेकर उनसे बहस करने लगे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीखी बहस झड़प में बदल गई और एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चला दी. अधिकारियों ने इस घटना में सुनील और आदित्य के पेट में चोट लगी, घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि रमनदीप ने दोनों घायलों को यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि तीनों दोस्त राज्य के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर के मूल निवासी हैं और उनमें से सुनील सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उनकी तलाश की जा रही है.

By Yogesh Kumar Sahu