रोज संसदीय प्रक्रियाओं का अपमान कौन करता है? विपक्ष तो नहीं करता : सिब्बल ने धनखड़ से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 09:08 PM
रोज संसदीय प्रक्रियाओं का अपमान कौन करता है? विपक्ष तो नहीं करता : सिब्बल ने धनखड़ से कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने नए आपराधिक कानूनों पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की टिप्पणियों की उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा आलोचना किए जाने पर रविवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि रोज संसदीय प्रक्रियाओं का अपमान विपक्ष नहीं करता है.

कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने टिप्पणी की थी कि तीन नए आपराधिक कानून ”अंशकालिक” लोगों ने तैयार किए. धनखड़ ने चिदंबरम पर निशाना साधते हुए इस बयान को ”अक्षम्य” करार दिया था और इस ” आपत्तिजनक और मानहानिकारक” कथन को वापस लेने का अनुरोध किया था.

धनखड़ ने कहा था कि वह एक राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र में चिदंबरम का साक्षात्कार पढ़कर दंग रह गए, जिसमें उन्होंने कहा है कि “नए कानून अंशकालिक लोगों ने तैयार किए हैं.” सिब्बल ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”धनखड़ ने तीन आपराधिक कानून अंशकालिक लोगों द्वारा तैयार किए जाने के चिदंबरम के बयान की आलोचना करते हुए इसे ‘संसद की सूझ-बूझ का अपमान बताया जिसकी कोई माफी नहीं है.’ हम सभी अंशकालिक हैं धनखड़ जी.”

विपक्ष के प्रमुख नेता व राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”और रोज संसदीय प्रक्रियाओं का अपमान कौन करता है? हम तो नहीं.” उपराष्ट्रपति ने शनिवार को यहां भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएसटी) के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा था, “क्या संसद में हम अंशकालिक लोग हैं? यह संसद की सूझ-बूझ का अपमान है, जिसके लिए कोई माफी नहीं है…मेरे पास ऐसी सोच और किसी सांसद को अंशकालिक कहे जाने की निंदा करने के लिए शब्द नहीं हैं.” उन्होंने कहा, “मैं इस मंच से उनसे (चिदंबरम) अपील करता हूं कि कृपया सांसदों के बारे में इस आपत्तिजनक, मानहानिकारक और निंदनीय टिप्पणी को वापस लें. मुझे आशा है कि वह ऐसा करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu