मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में सीआरपीएफ का जवान बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 07:59 PM
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में सीआरपीएफ का जवान बलिदान
ऑडियो सुनें

इंफाल. मणिपुर के जिरीबाम जिले के मोंगबुंग गांव में रविवार सुबह संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान बलिदान हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि हमले में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक की पहचान बिहार के 43 वर्षीय अजय कुमार झा के रूप में की गई है.

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”जवान के सिर में गोली लगी थी और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया. घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है.” मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने हमले की निंदा की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,”मैं आज जिरीबाम जिले में एक सशस्त्र समूह के हमले और उसमें सीआरपीएफ के एक जवान की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं. इस सशस्त्र समूह के कुकी उग्रवादी होने का संदेह है.”

उन्होंने कहा, “कर्तव्य के निर्वहन के दौरान उनका सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. मैं शहीद सैनिक के शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं, साथ ही हमले के दौरान घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात को भी गांव में गोलियों की आवाजें सुनाई दीं. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रविवार के हमले के बाद मोंगबुंग में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि गोलीबारी में सुरक्षार्किमयों का एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu