राहुल गांधी की जाति पूछने में क्या गलत है: भाजपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 31 Jul 2024 05:54 PM
राहुल गांधी की जाति पूछने में क्या गलत है: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर जाति विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी की जाति पूछने में क्या गलत है जब वह स्वयं ही सरकारी अधिकारियों, न्यायाधीशों और यहां तक कि पत्रकारों सहित अन्य लोगों की जातियों के बारे में पूछते रहते हैं।

हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने स्पष्ट किया कि अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान राहुल की जाति के बारे में नहीं पूछा था। पार्टी ने आश्चर्य जताया कि जब अन्य सदस्यों में से किसी ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर कोई आपत्ति नहीं उठाई तो विपक्ष के नेता ने आपत्ति क्यों जताई और इसे अपना अपमान क्यों बताया।

केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए ठाकुर ने मंगलवार को कुछ टिप्पणियां की थीं जिन्हें सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है। चर्चा के दौरान गांधी की जाति के बारे में उनके उल्लेख के कारण निचले सदन में भारी हंगामा हुआ था।

लोकसभा में बुधवार को उस समय हंगामा हुआ जब विपक्षी सदस्यों ने ठाकुर से गांधी पर की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की और जाति जनगणना की अपनी मांग पर अड़े रहे। भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि भारत में किसी की भी जाति पूछने वाले गांधी अपनी जाति के बारे में पूछे जाने पर इसे बुरा मानते हैं।

पात्रा ने कहा, ‘‘पहले मैं स्पष्ट कर दूं कि अनुराग ठाकुर ने किसी का नाम नहीं लिया और किसी का नाम लिए बगैर कहा कि जिसकी जाति नहीं मालूम वह जाति के बारे में पूछ रहा है। तब (लोकसभा) के 542 सदस्यों में से केवल एक ने इसका विरोध किया और उनके समर्थन में सभी कांग्रेस सदस्य खड़े हो गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि उनका नाम नहीं लिया गया, लेकिन अगर उस व्यक्ति की जाति के बारे में पूछा जाए तो इसमें क्या गलत है, जो भारत में किसी की भी जाति पूछ सकता है।’’ पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले भी न्यायाधीशों, सैनिकों, पत्रकारों की जाति के बारे में पूछा और लोकसभा में बजट पूर्व हलवा समारोह में भाग लेने वाले अधिकारियों की जाति पूछी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जाति को लेकर अनुचित टिप्पणी की थी और लोगों को गुमराह करने की कोशिश की और अग्निवीर भर्ती योजना में जाति का मुद्दा लाकर सशस्त्र बलों में विभाजन पैदा करने की भी कोशिश की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक लोकतांत्रिक देश है और हर नागरिक को सवाल करने का अधिकार है।’’ पात्रा ने कहा, ‘‘अगर आप सेना की जाति पर सवाल उठाते हैं और बजट पूर्व हलवा समारोह में शामिल हुए फोटो में दिखाई देने वाले अधिकारियों की जाति पर सवाल उठाने की धृष्टता करते हैं तो हमें आम नागरिक के तौर पर आपसे (राहुल गांधी) ‘कौन जात बा’ पूछने का पूरा अधिकार है।’’

संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि गांधी की जाति पूछने में कुछ भी गलत नहीं है क्योंकि वह (राहुल) वही करते रहते हैं और जाति के आधार पर ‘देश को बांटने’ की कोशिश करते हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav