कोरबा: महिला को हाथी ने कुचला, अस्पताल में मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Aug 2024 06:58 PM
कोरबा: महिला को हाथी ने कुचला, अस्पताल में मौत

ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सुबह सैर के लिए निकली एक महिला की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रलिया गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में गायत्री राठौर (55) की मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि दल से छूटे हाथी को बृहस्पतिवार को रलिया गांव के करीब देखा गया था. गांव में हाथी आने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसे खदेड़ना शुरू कर दिया. इस दौरान जब हाथी रलिया गांव के सड़क पर था तब वहां सुबह सैर के लिए निकली राठौर का सामना हाथी से हो गया.

अधिकारियों ने बताया कि जब राठौर वहां से भागने लगी तब हाथी ने राठौर को पकड़ लिया और उसे कुचल दिया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद महिला के परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग का दल भी गांव पहुंच गया था.

कटघोरा के वन मंडल अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि राज्य शासन के नियम के अनुसार परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रुपये दी गई है. सभी औपचारिकता पूरी होने के बाद शेष 5.75 लाख रुपए दिए जाएंगे. निशांत ने बताया कि दल से अलग हुआ हाथी आक्रामक होता है. हाथी ने हरदीबाजार क्षेत्र के खोडरी गांव में पांच पशुओं को भी कुचल दिया था. इनमें गाय और बछड़े शामिल हैं.

By Yogesh Kumar Sahu