महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर अदालत में तीन याचिकाएं दायर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 07:22 PM
महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर अदालत में तीन याचिकाएं दायर
ऑडियो सुनें

कोलकाता. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने संबंधी कम से कम तीन जनहित याचिकाओं पर मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई होगी.

उत्तर कोलकाता स्थित अस्पताल के सेमिनार हॉल से शुक्रवार को महिला चिकित्सक का शव मिला था. प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि हत्या किए जाने से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था. मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवज्ञानम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष सोमवार को कम से कम तीन जनहित याचिकाएं दायर की गईं, जिनमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और जघन्य हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की गई.

खंडपीठ में न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य भी शामिल हैं. पीठ ने कहा कि वह जनहित याचिकाओं तथा इस मुद्दे से संबंधित अन्य याचिकाओं पर मंगलवार को सुनवाई करेगी. मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस ने महिला चिकित्सक की हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया है. याचिकाकर्ताओं में से एक के वकील फिरोज एडुल्जी ने अदालत के समक्ष आरोप लगाया कि घटना में लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने खंडपीठ के समक्ष कहा कि महिला डॉक्टर की मौत की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है. उन्होंने कहा कि पीड़िता का नाम सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन इस मामले में ऐसा हुआ है. उन्होंने अदालत से यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया कि पीड़िता का नाम सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाए.

डॉक्टर दुष्कर्म हत्या मामला : एनसीडब्ल्यू की टीम पुलिस और मृतका के परिजनों से करेगी मुलाकात

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की दो सदस्यीय टीम यहां एक सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या के मामले की पड़ताल के लिए सोमवार को कोलकाता पहुंची. डेलिना खोंगडुप के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रहे अधिकारियों से बात करने के लिए हवाई अड्डे से सीधे लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय गई.

खोंगडुप ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ”यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और हाल के दिनों में सबसे जघन्य अपराधों में से एक है. पश्चिम बंगाल में ऐसी घटनाएं होती रही हैं. हम आज पुलिस अधिकारियों और पीड़िता के माता-पिता से भी मिलेंगे. इसके बाद हम उस अस्पताल जाएंगे जहां अपराध हुआ था.” यहां के आरजी कर अस्पताल के सभागार में चिकित्सा में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही महिला डॉक्टर से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई. महिला डॉक्टर का शव शुक्रवार सुबह बरामद किया गया. इस मामले के शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu