जीत के जश्न में खुली बस में सड़कों पर उतरी गुजरात टाइटंस की टीम, मुख्यमंत्री से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 May 2022 10:09 PM
जीत के जश्न में खुली बस में सड़कों पर उतरी गुजरात टाइटंस की टीम, मुख्यमंत्री से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात टाइटंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग के अपने पहले ही सत्र में खिताबी जीत का जश्न मनाने के लिए सोमवार को ऊपर से खुली बस में सड़कों पर उतरी तो उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक शहर की सड़कों पर जमा हो गए. सोमवार को ही गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने भी नए आईपीएल चैंपियन की मेजबानी की और उन्हें सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘आईपीएल 2022 विजेता गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों से बात करने का मौका मिला. उन्होंने टीम के सभी सदस्यों के हस्ताक्षर वाला बल्ला मुझे भेंट में दिया. इससे मिलने वाली धनराशि राज्य की लड़कियों की शिक्षा के लिए इस्तेमाल की जाएगी. सभी खिलाड़ियों को बधाई.’’ रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में टाइटंस ने पूर्व चैंपियन राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर खिताब जीता.

टाइटंस की टीम 2008 में रॉयल्स के बाद पहली टीम है जिसने अपने पहले ही सत्र में खिताब जीता. मंगलवार को टीम मुंबई जाएगी जहां टीम के मालिक जीत के जश्न में पार्टी देंगे. खिताबी जीत के बाद खिलाड़ियों ने सुबह तीन बजे तक पार्टी की और फिर टीम होटल में भी जश्न मनााय गया. वे सुबह छह बजे अपने कमरों पर लौटे. सभी खिलाड़ियों के साथ उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे. शुभमन गिल को साथ देने उनके पिता आए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu