Sexual harassment भारत के गोल्ड मेडलिस्ट की करतूत! यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट करके भारत भेजा गया, जानिए कौन है यह खिलाड़ी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 22 Oct 2026 08:51 PM
Sexual harassment भारत के गोल्ड मेडलिस्ट की करतूत! यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट करके भारत भेजा गया, जानिए कौन है यह खिलाड़ी
ऑडियो सुनें

एशियन पैरा गेम्स 2026 के दौरान भारतीय पैरा-तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख को जापान में हिरासत में ले लिया गया और वहां से वापस भारत भेज दिया गया। उन पर एक होटल कर्मचारी के साथ यौन दुर्व्यवहार करने का आरोप है।

जापान के आची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 से भारतीय खेल जगत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस होटल में घटी जहां भारतीय पैरा-तैराकी दल ठहरा हुआ था। सोमवार को होटल की एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी जब तैराक के कमरे में अपने पेशेवर कर्तव्यों का निर्वहन कर रही थी, उसी दौरान मोहम्मद शम्स आलम शेख पर कथित रूप से यौन दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी शिकायत स्थानीय आयोजन समिति (Local Organising Committee) और जापानी पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद जापानी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तैराक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उन्हें बिना किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लिए ही जापान से भारत डिपोर्ट कर दिया गया।

लग सकता है आजीवन प्रतिबंध
इस शर्मनाक वाकये के बाद पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया (PCI) कड़े एक्शन के मूड में है। PCI शम्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर आजीवन प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। हालांकि, इस मामले में कोई भी औपचारिक और अंतिम फैसला खेलों के समापन के बाद ही लिया जाएगा। पैरालिंपिक कमिटी ऑफ इंडिया अब इस मामले में औपचारिक सुनवाई का इंतजार कर रही है और आलम पर आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है।

कौन हैं शम्स आलम शेख?
बिहार के रहने वाले 40 वर्षीय मोहम्मद शम्स आलम शेख भारत के दिग्गज पैरा-तैराकों में शामिल हैं। वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड्स के अनुसार, वे पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई (S5) और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (SB4) श्रेणियों में वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर 1 रह चुके हैं। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में दो गोल्ड मेडल जीते थे।

इसके अलावा, 2025 के रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड जीतकर नया भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड कायम किया था। नागोया (2026) में उनका यह लगातार तीसरा एशियन पैरा गेम्स होने वाला था। लेकिन इस विवाद ने उनके करियर पर एक बड़ा दाग लगा दिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group