क्या भाजपा को समझ नहीं है कि उसकी निंदा का मतलब भारत की निंदा नहीं है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Sep 2024 07:59 PM
क्या भाजपा को समझ नहीं है कि उसकी निंदा का मतलब भारत की निंदा नहीं है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अमेरिका में राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निंदा भारत की निंदा नहीं है. पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल के रूप में जब कांग्रेस भारत में सरकार की आलोचना करती है, तो पूरी दुनिया सुनती है तथा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘कपड़ों से पहचानने’ की बात करते हैं और हिंदू-मुसलमान करते हैं, तब भी पूरा विश्व सुनता है.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा कबसे भारत हो गई कि भाजपा की निंदा करने का मतलब भारत की निंदा करना है. भाजपा या नरेन्द्र मोदी को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि उनकी निंदा करना भारत की निंदा करना है. यह (धारणा) गलत है.” खेड़ा ने कहा, ”भारत के राष्ट्र निर्माताओं की निंदा जब ये (प्रधानमंत्री) करते हैं, तो किसकी निंदा करते हैं? उस समय हम इनकी नीतियों की निंदा करेंगे, सवाल उठाएंगे, हमारा काम है. इनको क्या आपत्ति है.” उन्होंने कहा, ”जहां तक बात चुनावों की निष्पक्षता की है, तो एक स्वतंत्र संस्था ने अपने आंकड़े रखे कि कैसे 79 लोकसभा सीट पर गड़बड़ हुई. अचानक वोट बढ. जाता है, यह बात सबके सामने है.” खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.

उन्होंने कहा, ”जब हम सवाल देश में पूछते हैं, तो तब भी पूरा विश्व सुनता है, जब प्रधानमंत्री अटपटी बातें करते हैं, जब मन की बात करते हैं, जब कपड़ों से पहचानने की बात करते हैं, जब हिंदू-मुसलमान कर रहे होते हैं, तब भी पूरा विश्व सुनता है. क्या भाजपा को इतनी समझ नहीं है.” खेड़ा ने कहा कि भाजपा हिजाब का विरोध करती है और आज हिजाब की बात है, तो कल यह बात सिखों की पगड़ी तक पहुंच सकती है.

भाजपा ने अमेरिका में सिख समुदाय के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष विदेश में ‘संवेदनशील मुद्दों’ पर बोलकर ‘खतरनाक विमर्श’ गढ.ने का प्रयास कर रहे हैं. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल की टिप्पणी ‘भयावह’ है, क्योंकि उन्होंने अपनी रोटियां सेकने के लिए विदेश में रह रहे सिख समुदाय के सदस्यों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश की.

सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भाजपा नेता ने कहा, ”सिखों के पगड़ी और कड़ा पहनने के बारे में उनके द्वारा की गई टिप्पणी की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं.” वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में हर्नडॉन में भारतीय अमेरिकी समुदाय के सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कुछ धर्मों, भाषाओं और समुदायों को अन्य की तुलना में कमतर मानता है. उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति के लिए नहीं, बल्कि इसी बात की लड़ाई लड़ी जा रही है.

उन्होंने कहा कि सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है. उन्होंने कहा कि लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है. कांग्रेस नेता ने कहा, ”लड़ाई इस बात की है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी या कड़ा पहनने का अधिकार है या नहीं. या एक सिख के रूप में वह गुरुद्वारा जा सकते हैं या नहीं. लड़ाई इसी बात के लिए है और यह सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि सभी धर्मों के लिए है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu