सत्तारूढ़ आप बताए कि जेल से कैसे सरकार चला रहे हैं केजरीवाल : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Sep 2024 08:53 PM
सत्तारूढ़ आप बताए कि जेल से कैसे सरकार चला रहे हैं केजरीवाल : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बर्खास्त करने की मांग कर रहे भाजपा विधायकों ने बुधवार को सत्तारूढ़ पार्टी से पूछा कि वह बताए कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार कैसे चला रहे हैं और पिछले पांच महीनों में उनके द्वारा लिए गए निर्णयों की सूची भी पेश करे. विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में आप से 10 सवाल पूछे और मांग की कि वह मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा जेल से लिए गए फैसलों की सूची पेश करे.

आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और मंत्री आतिशी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार को ”पिछले दरवाजे” से गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया.
यह आरोप ऐसे समय लगाया गया, जब एक दिन पहले ही राष्ट्रपति सचिवालय ने विपक्षी दल भाजपा के एक ज्ञापन को गृह मंत्रालय के पास ”समुचित ध्यान देने” के लिए भेजा था. ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली संवैधानिक संकट का सामना कर रही है. गुप्ता ने कहा कि यदि आप 10 सवालों का जवाब देने में विफल रहती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि सत्तारूढ़ पार्टी के पास ”संवैधानिक संकट” और ”संविधान के उल्लंघन” का कोई जवाब नहीं है और उसकी (आप की) सरकार ‘दोषी’ है.

भाजपा नेता ने आप से यह भी जवाब मांगा कि पिछले आठ महीनों में केजरीवाल की अध्यक्षता वाले राष्ट्रीय सिविल सेवा प्राधिकरण (एनसीसीएसए) की कोई बैठक क्यों नहीं हुई. उन्होंने पूछा कि पिछले पांच महीनों में कैबिनेट की कितनी बैठक हुईं और उनमें क्या निर्णय लिए गए तथा दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए छठे दिल्ली वित्त आयोग की सिफारिशें क्यों लागू नहीं की गईं. आबकारी नीति ‘घोटाला’ मामले में मार्च में गिरफ्तारी के बाद से केजरीवाल न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu