T20 मैच : अय्यर के तूफानी शतक में उड़ा वेस्टइंडीज, क्रिकेट मैच में भारत ने 8 विकेट से रौंदा, अगला मैच रांची में

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 10:46 PM
T20 मैच : अय्यर के तूफानी शतक में उड़ा वेस्टइंडीज, क्रिकेट मैच में भारत ने 8 विकेट से रौंदा, अगला मैच रांची में
ऑडियो सुनें

कप्तान श्रेयस अय्यर के तूफानी शतक के दम पर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पहले टी20 मैच में 8 विकेट से रौंद दिया.

लखनऊ में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने 171 रन बनाए और टीम इंडिया के लिए ये लक्ष्य मामूली साबित हुआ. कप्तान अय्यर और ईशान किशन के बीच हुई शतकीय साझेदारी के दम पर भारत ने ये मैच 14.4 ओवर में ही जीत लिया. इसके साथ ही टीम इंडिया पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से आगे हो गई.

कप्तान श्रेयस अय्यर ने महज 43 गेंदों में नाबाद 102 रनों की पारी खेली. ईशान किशन ने नाबाद 37 रन बनाए. अभिषेक शर्मा 10 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए. संजू सैमसन 11 ही रन बना पाए.

लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में भारतीय कप्तान का तूफान आया. टीम इंडिया ने 21 गेंदों में ही पहले अभिषेक और फिर संजू सैमसन कै विकेट खो दिया लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने कमाल बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज की टीम को कोई मौका ही नहीं दिया. अय्यर और ईशान किशन के बीच महज 67 गेंदों में 137 रनों की साझेदारी हुई, जिसमें से 102 रनों का योगदान अय्यर का रहा. अय्यर ने खासतौर पर आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए 8 चौकों की मदद से 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद अय्यर अगली 14 गेंदों में शतक तक पहुंच गए.

अय्यर ने अर्धशतक लगाने के बाद दो चौके और 6 छक्के लगाए. अय्यर ने शतक से पहले खेली 6 गेंदों पर 4 छक्के और एक चौका लगाया. ईशान किशन ने भी अय्यर का अच्छा साथ निभाते हुए नाबाद 37 रन बनाकर मैच खत्म किया.

नमन धीर की कमाल गेंदबाजी
इससे पहले गेंदबाजी में टीम इंडिया ने अच्छा प्रदर्शन किया. खासतौर पर डेब्यू करने उतरे ऑलराउंडर नमन धीर ने पहले ही मैच में कमाल परफॉर्मेंस दी. इस खिलाड़ी ने 4 ओवर में महज 31 रन देकर 3 विकेट झटके. कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 20 ओवर से पहले समेट दिया. टीम इंडिया ने लखनऊ टी20 में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया. अब अगला टी20 मैच 9 अक्टूबर को रांची में खेला जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group