नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी के खिलाफ हमला तेज करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता ने अमेरिका में ‘अपने मूर्खतापूर्ण बयानों’ से ‘देशद्रोह’ किया है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, ”उन्होंने (राहुल ने) अमेरिका में भारत की जिस तरह की छवि पेश की है, उससे पूरा देश आहत हुआ है. राहुल गांधी ने अमेरिका में देशद्रोह किया है.” पात्रा ने कहा कि विपक्ष का नेता होने का राहुल का ‘अहंकार’ संसद में झलकता है और उनकी ‘मूर्खता’ अमेरिका में.
उन्होंने कहा, ”जब जाति को जाति के खिलाफ खड़ा किया जाता है, धर्म को धर्म के खिलाफ खड़ा किया जाता है और विदेश में सिखों के बारे में कड़ी टिप्पणियां की जाती हैं तो इसे राष्ट्रद्रोह कहा जाता है.” पात्रा ने कहा कि जो लोग नहीं जानते कि विदेशी सरजमीं पर भारत को सही परिप्रेक्ष्य में कैसे पेश किया जाए और जो लगातार ‘हमारी मातृभूमि’ की अवहेलना करने का प्रयास करते हैं, उन्हें गंभीरता से नहीं लेना चाहिए.
उन्होंने राहुल गांधी का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा, ”हर कोई जानता है कि ‘पनौती’ कौन है? ‘पप्पू’ और ‘पनौती’ साथ-साथ चलते हैं. पप्पू ने जो भी छुआ है, उसे विनाश का सामना करना पड़ा है… वह कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी ‘पनौती’ हैं.” ‘पनौती’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर उस व्यक्ति के लिए किया जाता है जो अपने आस-पास के लोगों के लिए दुर्भाग्य या बुरी खबर लाता है. पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी के कांग्रेस में पद संभालने के बाद से पार्टी को चुनावों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है.
उन्होंने कहा, ”लिख कर ले लीजिए, कांग्रेस तब तक नहीं उठेगी जब तक वह (राहुल गांधी) हैं. रॉकेट लॉन्च नहीं होगा क्योंकि इसमें कोई ईंधन नहीं है.” पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य राहुल गांधी को किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री बनाना है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए वे देश को बांटने तक और लोगों को एक दूसरे से लड़ाने के लिए तैयार हैं.
शिमला में अवैध मस्जिद के मुद्दे पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज की भाजपा ने निंदा की
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिमला में एक मस्जिद के कथित अवैध हिस्से को गिराने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस की आलोचना की और उसे तुष्टीकरण की राजनीति बंद करने को कहा. भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के लोकसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कर्नाटक के मांड्या जिले में हिंसा को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि पार्टी के इशारे पर भगवान गणेश की प्रतिमा पर पथराव हुआ तथा चप्पल फेंकी गई. हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकारें हैं.
शिमला के संजौली इलाके में एक मस्जिद के कथित अवैध हिस्से को ध्वस्त करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों की बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ झड़प हो गई. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों को तोड़ दिया और पथराव किया, जबकि पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज किया. इस दौरान पुलिस और महिलाएं सहित करीब 10 लोग घायल हो गए. कर्नाटक में मांड्या के नागमंगला कस्बे में गणेश प्रतिमा जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हिंसक झड़पें हुईं. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 46 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पात्रा ने कांग्रेस पर उसके शासन में दोनों राज्यों में तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, ”राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर न केवल हिमाचल प्रदेश में हिंदुओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं, बल्कि कर्नाटक में भगवान गणेश की मूर्तियों पर पथराव हो रहा है और चप्पल फेंके जा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”जब राहुल गांधी, इल्हान उमर (अमेरिकी सांसद) से मिलेंगे तो यही होगा…एक अवैध मस्जिद के लिए प्यार और हिंदुओं पर लाठीचार्ज.” भाजपा नेता ने पुलिस लाठीचार्ज की घटना की निंदा की और मांग की कि शिमला में मस्जिद यदि अवैध है तो उसे हटा दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ”यह आश्चर्यजनक है कि एक स्थानीय अदालत ने दस्तावेजों की मांग करते हुए कई नोटिस दिए हैं, लेकिन मस्जिद प्रशासन ने अभी तक ऐसा नहीं किया है.” उन्होंने कहा, ”हिंदुओं पर लाठीचार्ज और मस्जिद का रिचार्ज नहीं होने दिया जाएगा. जो अवैध है, उसे खत्म किया जाना चाहिए.”