कनाड़ा के हिंदू मंदिर में खालिस्तानी समर्थकों की हिंसा के बाद भाजपा ने ‘सख्त कदम’ का भरोसा दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Nov 2024 07:53 PM
कनाड़ा के हिंदू मंदिर में खालिस्तानी समर्थकों की हिंसा के बाद भाजपा ने ‘सख्त कदम’ का भरोसा दिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कनाडा के एक मंदिर में हुए हमले पर सोमवार को कहा कि जब भी हिंदुओं के उत्पीड़न या उनके अधिकारों के हनन की बात आती है, तो पार्टी और उसकी सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं. खालिस्तानी झंडे लिए प्रदर्शनकारियों की रविवार को ब्रैम्पटन के हिंदू सभा मंदिर में लोगों के साथ झड़प हुई, जिसके बाद ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने एक कड़ा बयान जारी कर ‘भारत विरोधी’ तत्वों द्वारा किए गए हमले की निंदा की.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में इस घटना के बारे में पूछे जाने पर कहा, ”हम सभी ने देखा है कि भारत ने कनाडा को कितना कड़ा और स्पष्ट जवाब दिया है.” उन्होंने कहा कि जब भी हिंदुओं के उत्पीड़न या उनके अधिकारों के हनन की बात आती है तो भाजपा और उसकी सरकार ‘सख्त कदम’ उठाती है.

भाटिया ने कहा, ”मुझे लगता है कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए भारत अपना रुख बहुत दृढ़ता से रखेगा और जो भी जरूरी कदम हो वह उठाएगा.” ‘केनैडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पील क्षेत्रीय पुलिस ने रविवार को बताया कि ब्रैम्पटन के एक मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ था और सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के कुछ अपुष्ट वीडियो में प्रदर्शनकारी खालिस्तान के समर्थन में बैनर पकड़े नजर आए. रिपोर्ट में कहा गया कि वीडियो में लोग एक-दूसरे पर घूंसे बरसाते और एक-दूसरे पर डंडों से हमला करते नजर आए. यह घटना हिंदू सभा मंदिर के आसपास के मैदान में होती प्रतीत हो रही है.

इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ‘बेहद चिंतित’ है. मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”हम ओंटारियो के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में कल चरमपंथियों और अलगाववादियों द्वारा की गई हिंसा की निंदा करते हैं.” बयान में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के हवाले से कहा गया, ”हम कनाडा सरकार से यह सुनिश्चित करने की अपील करते हैं कि सभी धार्मिक स्थल इस तरह के हमलों से सुरक्षित हों.”

उन्होंने कहा, ”हम यह भी उम्मीद करते हैं कि हिंसा में शामिल लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा. हम कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं.” उन्होंने कहा, ”भारतीयों और कनाडाई नागरिकों को समान रूप से सेवाएं प्रदान करने के लिए हमारे वाणिज्य दूतावास अधिकारियों के कदम धमकी, उत्पीड़न और हिंसा से नहीं डिगेंगे.”

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu