नयी दिल्ली. कनाडा में एक मंदिर पर हुए हमले के विरोध में हिंदू-सिख संगठन के सदस्यों के मार्च के मद्देनजर यहां चाणक्यपुरी इलाके में कनाडाई उच्चायोग के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. कई सिख प्रदर्शनकारियों ने कनाडा के ब्रैम्पटन में एक मंदिर के अंदर हुई हिंसा के खिलाफ अवरोधकों पर चढ़कर नारे लगाए. यह प्रदर्शन ‘हिंदू सिख ग्लोबल फोरम’ के बैनर तले आयोजित किया गया.
दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों से अवरोधकों के पीछे रहने की अपील करती नजर आई. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हमने विरोध मार्च के आह्वान के बाद कनाडा के उच्चायोग के बाहर अतिरिक्त बल तैनात किए हैं और अवरोधक लगाए हैं. किसी को भी कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.”