ट्रंप की हत्या की साजिश के आरोपी को इजराइली पर्यटकों को भी निशाना बनाने का दिया था जिम्मा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Nov 2024 08:04 PM
ट्रंप की हत्या की साजिश के आरोपी को इजराइली पर्यटकों को भी निशाना बनाने का दिया था जिम्मा
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने के आरोप में अमेरिकी खुफिया ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा गिरफ्तार किए गए एक ईरानी नागरिक को ईरानियों ने श्रीलंका में इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाने का भी काम सौंपा था. न्याय विभाग ने यह जानकारी दी.

ईरान के फरहाद शकेरी (51) के खिलाफ ट्रंप की हत्या की साजिश में कथित संलिप्तता के संबंध में शुक्रवार को आपराधिक शिकायत दर्ज की गई. शकेरी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) का सदस्य है. वह फिलहाल फरार है और माना जा रहा है कि वह तेहरान में है.

न्याय विभाग ने कहा, ”उसे श्रीलंका में इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाने का भी काम सौंपा गया था.” संघीय अदालत में दायर दस्तावेजों के अनुसार शकेरी को आईआरजीसी ने श्रीलंका में इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाने और अक्टूबर 2024 में सामूहिक गोलीबारी की योजना बनाने के लिए कहा था.

अमेरिका और इजराइल की सरकारों ने पिछले माह सार्वजनिक रूप से यात्रियों को अरुगम खाड़ी क्षेत्र में पर्यटक स्थलों को निशाना बनाकर हमले किए जाने के खतरों के बारे में चेतावनी दी थी और उसके ठीक बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने इन चेतावनियों के मद्देनजर तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार करने की सूचना दी.

न्याय विभाग ने कहा कि 28 अक्टूबर को अमेरिका और इजराइल की सरकारों की ओर से सार्वजनिक यात्रा चेतावनियां जारी होने और श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा सीसी-2 की गिरफ्तारी के बाद, शकेर ने एफबीआई को बताया कि उसने पहले सीसी-2 को श्रीलंका में इजराइली वाणिज्य दूतावास की निगरानी करने का काम सौंपा था. शकेर ने बताया कि वह और सीसी-2 जेल में साथ में थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu