पाकुड़/साहिबगंज/जामताड़ा. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को आरोप लगाया कि झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण दे रही है जो आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं. झारखंड चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी चौहान ने पाकुड़ जिले के महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार नवनीत हेम्ब्राम के समर्थन में रोडशो किया. चौहान ने दावा किया कि झारखंड में बदलाव की लहर चल रही है और लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है.
चौहान ने कहा, ”हेमंत सोरेन सरकार में मां-बहनें सुरक्षित नहीं हैं क्योंकि सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है जो आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं तथा आदिवासी महिलाओं के सम्मान के साथ खेल रहे हैं.” उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा झारखंड में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी.
साहिबगंज जिले के बरहैट में पार्टी प्रत्याशी गमालियान हेम्ब्रम और धनबाद से उम्मीदवार राज सिन्हा के समर्थन में एक और जनसभा को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि अगर भाजपा झारखंड की सत्ता में आती है तो बरहैट को उप-संभाग बनाया जाएगा. केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि झारखंड में ‘रोटी, माटी और बेटी’ पर खतरा है. उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठियों को बाहर खदेड़ने का वादा किया.
उन्होंने कहा, ”हम हर घुसपैठिये की पहचान करेंगे और उसे झारखंड के बाहर खदेड़ देंगे.” झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के आवास से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का जिक्र करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि सोरेन को शर्म आनी चाहिए कि उनके मंत्री राज्य के विकास तथा जनता के लिए चिह्नित सरकारी धन ‘डकार गए’. उन्होंने आरोप लगाया कि सोरेन ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया, बल्कि घुसपैठियों को शरण दी जो आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं और हमारी बहनों-बेटियों के सम्मान से खेल रहे हैं.
झारखंड के कुछ हिस्से घुसपैठियों की अवैध गतिविधियों के केंद्र में तब्दील हो गए हैं: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सोमवार को दावा किया कि इसके ”संरक्षण” में राज्य के कई हिस्से रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की अवैध गतिविधियों के केंद्र में तब्दील हो गए हैं.
आदित्यनाथ ने कहा, ”23 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद इन घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकाल दिया जाएगा और जनता के लिए निर्धारित धन को लूटने वाले झामुमो नीत गठबंधन के नेताओं को जवाबदेह ठहराया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”राजमहल और साहिबगंज जैसे इलाके बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं द्वारा संचालित अवैध गतिविधियों के केंद्र बन गए हैं. झामुमो नीत गठबंधन के नेता, जो उनके ‘रहनुमा’ हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनते ही घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा.”
साहिबगंज के राजमहल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने लोगों से जाति के आधार पर समाज को बांटने वाले नेताओं से सावधान रहने का आग्रह किया और उन्हें ”समाज एवं देश का दुश्मन” बताया.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समृद्ध झारखंड के सपने को कमजोर करने के लिए भी झामुमो-राजद-कांग्रेस गठबंधन की आलोचना की.
उन्होंने कहा कि राज्य में समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों के बावजूद यहां गरीबी है. आदित्यनाथ ने वादा किया कि राजग सरकार के तहत कम से कम डेढ़ लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी. भारत के ऐतिहासिक विभाजन का जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ”जब हिंदू विभाजित थे, तो उन्हें अयोध्या, काशी और मथुरा में गुलामी तथा अपमान का सामना करना पड़ा. अब यह समय है ‘एक रहेंगे, सेफ रहेंगे, न बंटेंगे, न कटेंगे’.” उन्होंने कहा कि रुझानों से संकेत मिल रहे हैं कि झारखंड में राजग दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगा.