भुवनेश्वर में 26 वर्षीय महिला के साथ उसके किराये के फ्लैट में एक ”नकाबपोश व्यक्ति” ने कथित तौर पर बंदूक की नोक पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला ने नयापल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बुधवार रात मास्क पहने हुए एक व्यक्ति अपार्टमेंट में घुसा और बंदूक दिखाकर धमकाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त सरवण विवेक एम. ने बताया कि महिला अपनी बड़ी बहन के साथ अपार्टमेंट में रहती है, जबकि मकान मालिक दूसरी मंजिल पर रहता है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”घटना के समय पीड़िता की बहन वहां मौजूद थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।” उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।