कंगना ने भाजपा की निलंबित नेता नुपूर शर्मा का किया समर्थन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jun 2022 09:51 PM
कंगना ने भाजपा की निलंबित नेता नुपूर शर्मा का किया समर्थन
ऑडियो सुनें

मुंबई. पैगंबर मोहम्मद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित नेता नुपूर शर्मा की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर अंतरराष्ट्रीयनिंदा के बीच अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को उनका समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें ‘‘अपनी बात सबके सामने रखने का पूरा हक है.’’ पैगंबर मोहम्मद पर उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कुछ मुस्लिम देशों के विरोध से विवाद बढ़ने पर भाजपा ने रविवार को शर्मा को निलंबित कर दिया था और दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था.

रनौत ने शर्मा को जान से मारने की धमकी दिये जाने की भी निंदा की. उन्होंने लोगों से कहा कि अगर वह लगभग 10 दिन पहले एक टीवी बहस के दौरान की गई टिप्पणियों से नाराज हैं तो वे कानूनी रास्ता अपना सकते हैं. अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “नुपूर को अपनी बात सबके सामने रखने का पूरा हक है लेकिन इसके लिए उन्हें धमकी दी जा रही है. जब हिंदू देवताओं का अपमान किया जाता है, तो हम न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं और ये सभी के लिए होना चाहिए. अपने आपको डॉन समझने की कोशिश न करें.’’

रनौत ने लिखा “यह अफगानिस्तान नहीं है. जो लोग भूल गए हैं उन्हें याद दिला दूं कि हमारे पास एक अच्छी सरकार है, जिसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के द्वारा चुना गया है.” रनौत का बयान दिल्ली पुलिस द्वारा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने के कुछ घंटों बाद आया है. शर्मा ने कहा था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu