मोदी सरकार ने अदाणी के लिए अंतरराष्ट्रीय संबंधों को दांव पर लगाया: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 09:27 PM
मोदी सरकार ने अदाणी के लिए अंतरराष्ट्रीय संबंधों को दांव पर लगाया: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अमेरिकी उद्योगपति जॉर्ज सोरोस से जुड़े आरोपों को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि कारोबारी गौतम अदाणी के लिए मोदी सरकार ने भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों को भी दांव पर लगा दिया है और यह एक षड्यंत्र है.

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमख पवन खेड़ा ने दावा किया कि भाजपा से जुड़े कई मंत्रियों के बच्चों को सोरोस की संस्था से अनुदान मिला है लेकिन वह इसे मुद्दा नहीं बनाना चाहती है क्योंकि यह मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा कि असली मुद्दा यह है कि ‘राजा की जान तोते में हैं’ और यह तोता गौतम अदाणी हैं. भाजपा ने आरोप लगाया है कि कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का संबंध जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन द्वारा वित्तपोषित एक संगठन से है, जिसने कश्मीर के एक स्वतंत्र राष्ट्र के विचार का समर्थन किया है.

खेड़ा ने एक वीडियो जारी कर कहा, ”जबसे संसद चल रही है तब से रोज दिखाई दे रहा है कि भाजपा सरकार एक व्यक्ति को बचाने के लिए भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों को भी दांव पर लगाने को तैयार है. यह षड़यंत्र कोई आज से शुरू नहीं हुआ, यह लगभग 2002 से शुरू हुआ है. उस समय यह एक राज्य तक सीमित था लेकिन 2014 से यह अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र हो गया है.” उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अदाणी का नाम आते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालत खराब हो जाती है.

खेड़ा का कहना था, ”किसी को यह हक नहीं बनता कि भारत के दूसरे देशों के संबंध एक व्यापारी के हितों पर निर्भर करें. वो हम पर सोरोस का आरोप लगाते हैं. यह कोई मुद्दा है? अगर यह मुद्दा है तो किस मंत्री का बच्चा सोरोस के संगठन से अनुदान लेता है, इस पर हम भी शुरू हो सकते हैं, लेकिन यह मुद्दा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कई मंत्रियों के बच्चों को सोरोस की संस्था से अनुदान मिला है.

खेड़ा ने दावा किया, ”मुद्दा यह है कि राजा की जान तोते में है. यह तोता मिर्ची नहीं खाता, यह तोता बंदरगाह खाता है, हवाई अड्डा खाता है, बिजली खाता, कोयला खाता है, शेयरधारकों का पैसा खाता है. करदाताओं का पैसा इसी तोते के पास जाता है.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”गौतम भाई को ‘एम’ श्रेणी की सुरक्षा मिली है. इसका मतलब ‘मोदी सुरक्षा’ मिली है. गौतम भाई तक कोई पहुंचने की कोशिश करे तो उसे लोकतंत्र की लाश से गुजरना पड़ा है. हम रोज खुलासे कर रहे हैं तो लोकतंत्र की लाश बिछाई जा रही है.”

खेड़ा के अनुसार, सत्तापक्ष ने अमेरिकी विदेश विभाग पर आरोप लगाया जिसके बाद विदेश विभाग ने कहा कि इससे भारत-अमेरिका संबंधों पर असर पड़ सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘राजा तोते को बचा रहा है.’ कांग्रेस नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा, ”पूरा देश अब कहने लग गया है कि सारी ख.ुदाई एक तरफ, गौतम भाई एक तरफ.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu