
दीघा. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि केंद्र को हिंसा प्रभावित बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देनी चाहिए और “लौटने के इच्छुक” लोगों को वापस लाना चाहिए. बनर्जी ने यह भी दावा किया कि फर्जी वीडियो जानबूझकर प्रसारित किए जा रहे हैं, क्योंकि कुछ वर्ग सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा चाहते हैं. केंद्र सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए. उसे उन लोगों को भी वापस लाना चाहिए जो भारत लौटना चाहते हैं.” बांग्लादेश की 17 करोड़ की आबादी में लगभग आठ प्रतिशत अल्पसंख्यक हिंदू हैं, जिन्हें पांच अगस्त को शेख हसीना की आवामी लीग सरकार के पतन के बाद से 50 से अधिक जिलों में हमलों का सामना करना पड़ा है.
बनर्जी ने कहा, “मैं पहले ही विधानसभा में (बांग्लादेश के संबंध में) कह चुकी हूं… कई फर्जी वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं और लोगों को गुमराह किया जा रहा है. भारत सरकार ने अपना प्रतिनिधि भेजा है, यह उनकी जिम्मेदारी है. मुझे जानकारी है कि वीजा जारी करने की प्रक्रिया बढ.ा दी गई है ताकि उस देश से अधिक लोग वापस आ सकें.” मुख्यमंत्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण की समीक्षा के लिए दीघा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं.
उन्होंने कहा कि मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की आलोचना की है और उनके लिए सुरक्षा की मांग की है. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “हमें जानकारी मिल रही है कि उड़ान और ट्रेन संचालित हैं, और वीजा तथा पासपोर्ट वाले लोग आ रहे हैं… एक भी भारत-बांग्लादेश सीमा बंद नहीं की गई है.”
मैं सभी की ऋणी, चाहती हूं ‘इंडिया’ गठबंधन में सब ठीक रहे: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को उन नेताओं का धन्यवाद व्यक्त किया जिन्होंने कहा है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की कमान तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख को सौंपी जानी चाहिए. पूर्वी मेदिनीपुर जिले के तटीय शहर दीघा के तीन दिवसीय दौरे पर आईं बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि वह उन नेताओं और गठबंधन की कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करेंगी.
बनर्जी ने कहा, “मैं सभी की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतना सम्मान दिया है. मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं. मैं चाहती हूं कि वे और उनकी पार्टी अच्छा करें. मैं यह भी चाहती हूं कि ‘इंडिया’ गठबंधन अच्छा करे.” तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने इस मुद्दे पर और कुछ कहने से इनकार किया. बनर्जी ने पिछले सप्ताह वपिक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया था और कहा था कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वह विपक्षी गठबंधन की कमान संभालने की मंशा रखती हैं.
इसके कई घटक दलों के नेताओं ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि बनर्जी को गठबंधन का नेतृत्व करने की अनुमति दी जानी चाहिए.
बनर्जी ने बंगाली समाचार चैनल ‘न्यूज 18 बांग्ला’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मैंने ‘इंडिया’ बनाया था, अब इसे संभालने की जिम्मेदारी उन लोगों पर है जो इसका नेतृत्व कर रहे हैं. अगर वे इसे नहीं चला सकते तो मैं क्या कर सकती हूं? बस इतना ही कहूंगी कि सबको साथ लेकर चलना होगा.”
राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद जैसे नेताओं ने बनर्जी का समर्थन किया. वाईएसआरसीपी के राज्यसभा सदस्य विजयसाई रेड्डी ने भी कहा है कि तृणमूल अध्यक्ष ‘इंडिया’ के घटक दलों को बेहतर तरीके से संभाल सकती हैं.



