सीआरपीएफ महानिदेशक अनीश दयाल सिंह सेवानिवृत्त हुए, वितुल कुमार कार्यवाहक प्रमुख बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 09:52 PM
सीआरपीएफ महानिदेशक अनीश दयाल सिंह सेवानिवृत्त हुए, वितुल कुमार कार्यवाहक प्रमुख बने
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह मंगलवार को पद से सेवानिवृत्त हो गए. उन्होंने कार्यभार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वितुल कुमार को सौंपा जो पद पर स्थायी नियुक्ति होने तक बल के कार्यवाहक प्रमुख के रूप में काम करेंगे.

मणिपुर कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह ने एक महत्वपूर्ण समय के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का नेतृत्व किया, जब दुनिया के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल ने नक्सलवाद से निपटने के लिए सरकार के अभियान में महत्वपूर्ण प्रगति की.
सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ ने वाम उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक अग्रिम परिचालन बेस (एफओबी) स्थापित किए और चार नयी बटालियनों की शुरुआत की, जिससे छत्तीसगढ. में नक्सल रोधी अभियानों के लिए 4,000 से अधिक कर्मी जुड़े.

सिंह के कार्यकाल के दौरान ही 2024 का लोकसभा चुनाव और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में पहला विधानसभा चुनाव हुआ, जब सीआरपीएफ ने पूरे देश में सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. सिंह अपने करियर की शुरुआत मणिपुर से करने के बाद, 2000 के दशक की शुरुआत में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए, जहां उन्होंने गुप्तचर ब्यूरो में विभिन्न प्रमुख भूमिकाएं निभायीं.

बाद में उन्होंने पिछले साल दिसंबर में सीआरपीएफ का प्रभार संभालने से पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का नेतृत्व किया, जो भारत-चीन सीमा की रक्षा के लिए जिम्मेदार एक अर्धसैनिक बल है. सिंह के करियर की उल्लेखनीय पहलों में देशभर में सीआरपीएफ के 130 से अधिक बटालियन का पुनर्गठन शामिल था. इस कदम का उद्देश्य बल की परिचालन दक्षता में सुधार करना था.

बल के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए, सिंह ने कंपनी कमांडरों और सहायक कमांडेंटों के साथ ‘संवाद’ सत्र शुरू किए, जिसका उद्देश्य उनकी जरूरतों पर जानकारी जुटाना था. इस कदम की व्यापक सराहना हुई. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में सरकार द्वारा घोषित सात दिनों के शोक के कारण, नेतृत्व कार्यभार हस्तांतरण बिना किसी औपचारिक समारोह के किया गया. उत्तर प्रदेश के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी वितुल कुमार अब सीआरपीएफ के कार्यवाहक महानिदेशक की भूमिका में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu