भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला को अपनी कार से टक्कर मारने वाला पुलिस अधिकारी बर्खास्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jan 2025 09:39 PM
भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला को अपनी कार से टक्कर मारने वाला पुलिस अधिकारी बर्खास्त
ऑडियो सुनें

सिएटल/न्यूयार्क. एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, सिएटल के पुलिस अधिकारी को विभाग से बर्खास्त कर दिया गया है जिसने जनवरी 2023 में भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मार दी थी. पुलिस विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारी केविन डेव 23 जनवरी, 2023 को सिएटल में एक गश्ती कार चला रहा था और उसने सड़क पार कर रही आंध्र प्रदेश की 23 वर्षीय कंडुला को टक्कर मार दी थी. उस समय, डेव की कार की रफ्तार 74 मील प्रति घंटे (119 किमी/घंटा से अधिक) थी. कार से टक्कर लगने के कारण कंडुला 100 फुट दूर जा गिरी थी. सिएटल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, सिएटल पुलिस की अंतरिम प्रमुख सू राहर ने कहा कि उन्होंने डेव को सिएटल पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया है.

सू राहर द्वारा कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि सोमवार को डेव को नौकरी से निकाल दिया गया. मेल में कहा गया है कि सिएटल पुलिस के जवाबदेही कार्यालय ने पाया कि डेव ने विभाग की चार नीतियों का उल्लंघन किया था.
सिएटल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, डेव की खतरनाक ड्राइविंग के दुखद परिणामों को स्वीकार नहीं किया जा सका, उसके कारण मानव जीवन की हानि हुई और सिएटल पुलिस विभाग की बदनामी हुई.

यह घटनाक्रम सिएटल के एक अन्य पुलिस अधिकारी डैनियल ऑडरर को कंडुला की मौत के बाद उसकी असंवेदनशील टिप्पणियों और हंसने के कारण नौकरी से निकाले जाने के कुछ महीने बाद हुआ है. सिएटल में भारत का महावाणिज्य दूतावास इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ लगातार प्रयासरत रहा था. वाणिज्य दूतावास कंडुला के परिवार के प्रतिनिधियों के नियमित संपर्क में था और उसने कहा था कि वह जाह्नवी और उसके परिवार को न्याय सुनिश्चित करने में हरसंभव सहायता प्रदान करता रहेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu