आज भी बहुत शर्मिला हूं : बॉलीवुड में 25 साल होने पर ऋतिक रोशन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Jan 2025 07:55 PM
आज भी बहुत शर्मिला हूं : बॉलीवुड में 25 साल होने पर ऋतिक रोशन
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋतिक रोशन ने कहा कि वह आज भी उतने ही शर्मीले और घबराए हुए रहते हैं जितने 25 साल पहले थे, जब उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से हिंदी फिल्मों में मुख्य अभिनेता के रूप में शुरुआत की थी. फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ का निर्देशन उनके पिता एवं फिल्म निर्माता राकेश रोशन ने किया था. यह फिल्म साल 2000 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी इस फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी.

अभिनेता ऋतिक रोशन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ सिनेमाघरों में शुक्रवार को पुन: रिलीज होगी. ऋतिक रोशन ने मंगलवार शाम को एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह सिनेमा में 25 साल पूरे होने के पलों को बयां करने के लिए ”विरासत” और ”मील का पत्थर” जैसे शब्दों को इस्तेमाल करना पसंद नहीं करते.

उन्होंने कहा, ”25 साल हो गए हैं. मुझे विरासत और मील का पत्थर जैसे शब्द पसंद नहीं हैं और मैं यहां यह कहने के लिए नहीं हूं कि ’25 साल हो गए’ हैं.” अभिनेता ने कहा, ”मुझे याद है कि जब ‘कहो ना प्यार है’ रिलीज हुई थी तब मैं इतना शर्मीला था और इस कदर घबराया हुआ था कि मैंने एक भी इंटरव्यू नहीं दिया. मैं कभी घर से बाहर नहीं निकला था; मैं फिल्म प्रमोशन के किसी भी कार्यक्रम में नहीं गया. 25 साल बीत चुके हैं और मैं आज भी वैसा ही हूं, कुछ भी नहीं बदला. मैं अभी भी उतना ही शर्मीला हूं और वैसे ही घबराया हुआ रहता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu