भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को 116 रन से दी शिकस्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 07:56 PM
भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को 116 रन से दी शिकस्त
ऑडियो सुनें

राजकोट. जेमिमा की शतकीय पारी से भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को हराकर श्रृंखला जीती राजकोट, 12 जनवरी (भाषा) जेमिमा रोड्रिग्स के पहले एकदिवसीय शतक के साथ शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की दमदार पारियों से भारत ने रविवार को यहां दूसरे महिला वनडे में आयरलैंड को 116 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.

भारत ने पांच विकेट पर 370 रन बनाने के बाद आयरलैंड को 50 ओवर में सात विकेट पर 254 रन पर रोक दिया. कप्तान स्मृति मंधाना ने 54 गेंद में 73 रन की आक्रामक पारी खेलने के अलावा पहले विकेट के लिए प्रतिका रावल (60 गेंद में 67 रन) के साथ 114 गेंद में 156 रन की साझेदारी कर के भारत को तेज शुरुआत दिलायी. जेमिमा ने 91 गेंद में 102 रन की पारी में 12 चौके लगाये. उन्होंने हरलीन देयोल (84 गेंदों पर 89 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 168 गेंद में 183 रन की बड़ी साझेदारी कर टीम का बड़ा स्कोर सुनिश्चित किया. भारतीय बल्लेबाजों ने आयरलैंड की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए 50 ओवर में 44 चौके और तीन छक्के जड़े.

भारत के बड़े स्कोर के दबाव में आयरलैंड के बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी की जगह पूरे 50 ओवर खेलने पर ध्यान दिया और टीम कभी भी जीत की स्थिति में नहीं थी. क्रिस्टिना कूल्टर रीली ने 80 रन की शानदार पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.

दीप्ति शर्मा और प्रिया मिश्रा की स्पिन गेंदबाजों की जोड़ी के सामने आयरलैंड के बल्लेबाजों ने संघर्ष किया. अनुभवी दीप्ति ने 37 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि प्रिया ने 53 रन देकर दो विकेट चटकाये. टिटास साधु और सयाली सातघरे को एक-एक सफलता मिली. जेमिमा को एकदिवसीय में अपना शतक जड़ने के लिए 41 मैचों का इंतजार करना पड़ा. इससे पहले उनके नाम छह अर्धशतक हैं. उन्होंने मध्यम तेज गेंदबाज अर्लीन केली के खिलाफ चौका लगाकर शतक पूरा किया और फिर अपने बल्ले से गिटार बजाने की भाव भंगिमा से इसका जश्न मनाया.

उन्होंने इस शतकीय पारी के बाद मैच के प्रसारक (स्पोर्ट्स 18) से कहा, ”इस शतक को पूरा करने लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ा. खुशी है कि टीम ने मुझे नंबर चार पर भूमिका दी और मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकी.” उन्होंने कहा, ”आज मेरे लिए 50वें ओवर तक क्रीज पर रहना अहम था. मेरे लिए रन बनाना कोई समस्या नहीं है, मैं इसमें लय में हूं लेकिन अंत तक क्रीज पर बने रहना महत्वपूर्ण था और खुशी है कि मैं ऐसा कर सकी.” आयरलैंड के लिए केली और ओर्ला प्रेंडेरगास्ट को दो-दो जबकि जॉर्जीना डेम्पसे को एक सफलता मिली.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu