Raipur Weather: चक्रवात अर्नब के असर से रायपुर के सभी स्कूल-कॉलेजों में 29 अक्टूबर को अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश, ठंडी हवाओं से बढ़ेगी ठंड, कई इलाकों में बार-बार गुल हो रही बिजली से लोग परेशान
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Thu, 29 Oct 2026 10:27 AM
Raipur Weather: चक्रवात अर्नब के असर से रायपुर के सभी स्कूल-कॉलेजों में 29 अक्टूबर को अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
ऑडियो सुनें

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में अर्नब चक्रवात का असर दिख रहा है। रायपुर में पिछले 24 घंटे से बारिश हो रही है और चारों तरफ घने काले बादल छाए हुए हैं। संभावित भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में 29 अक्टूबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है।

कलेक्टर ने जारी किया अवकाश का आदेश

बच्चों की सुरक्षा और स्कूल आने-जाने में संभावित परेशानी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में 29 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय अवकाश रहेगा। यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा।

सुबह से बूंदाबांदी जारी

रायपुर में बुधवार से शुरू हुई बूंदाबांदी गुरुवार को भी जारी है। ठंडी हवाओं के साथ हल्की-मध्यम बारिश हो रही है, जो सावन की झड़ी जैसी दिख रही है। 20-30 की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे राजधानी में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

जनजीवन अस्त-व्यस्त

चक्रवात के कारण राजधानीवासियों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। कई लोग बारिश की वजह से घर से नहीं निकल पा रहे हैं और उनके दैनिक कामकाज रुके हुए हैं। मौसम में आए बदलाव से लोग चिंतित नजर आ रहे हैं।

बार-बार गुल हो रही बिजली

महादेव घाट, रायपुरा, सुंदर नगर, पुरानी बस्ती, भाठागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और राधा स्वामी नगर समेत कई इलाकों में सुबह से बिजली बार-बार गुल हो रही है। इससे ऑफिस, व्यवसाय और स्कूल-कॉलेज के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news