भारतीय क्रिकेट बोर्ड: छग के भाटिया और असम के सैकिया निर्विरोध कोषाध्यक्ष और सचिव चुने गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 08:16 PM
भारतीय क्रिकेट बोर्ड: छग के भाटिया और असम के सैकिया निर्विरोध कोषाध्यक्ष और सचिव चुने गए
ऑडियो सुनें

मुंबई. देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया को रविवार को यहां भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की विशेष आम बैठक (एसजीएम) में निर्विरोध सचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया. जय शाह और आशीष शेलार के त्यागपत्र देने के बाद यह दोनों पद रिक्त पड़े थे. सैकिया और भाटिया इन रिक्त पदों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण निर्विरोध चुने गए.

पिछले महीने आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद शाह को सचिव पद छोड़ना पड़ा था जबकि शेलार ने महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. सैकिया असम और भाटिया छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. शाह के एक दिसंबर को आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद सैकिया सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभा रहे थे. वह संयुक्त सचिव थे और अब यह पद रिक्त हो गया है.

चुनाव अधिकारी एके जोती ने परिणाम घोषित करते हुए कहा, ”पदाधिकारियों के दो पद सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ और इसलिए मतदान की जरूरत नहीं पड़ी.” शाह को बीसीसीआई ने शनिवार को सम्मानित किया था. उनका एसजीएम में भी स्वागत किया गया.

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एसजीएम के बाद पत्रकारों से कहा कि चुनाव के अलावा बैठक में कुछ भी पेश नहीं किया गया.
शुक्ला ने कहा, ” इस बैठक का एक ही एजेंडा (कोषाध्यक्ष और सचिव पद के चुनाव) था. इसलिए एसजीएम में किसी और मुद्दे पर चर्चा नहीं की गई.” एसजीएम के बाद शुक्ला महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) समिति की बैठक का भी हिस्सा थे.

बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने कहा, ”डब्ल्यूपीएल स्थलों को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है. उन्हें जल्द ही घोषित किया जाएगा.” शुक्ला ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चयन बैठक 18 या 19 जनवरी को होगी. इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए चयनकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय टीम की घोषणा की थी. टी20 के बाद खेली जाने वाली तीन मैचों की तीन वनडे श्रृंखला और 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम की घोषणा नहीं की गयी है. भारत चैंपियंस ट्रॉफी का अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा. भारत हाइब्रिड मॉडल के तहत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा जबकि अन्य टीमों के मैच मेजबान देश पाकिस्तान में खेले जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu