भारत में कई आईफोन, एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं को सॉफ्टवेयर अपग्रेड से हुई परेशानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 08:47 PM
भारत में कई आईफोन, एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं को सॉफ्टवेयर अपग्रेड से हुई परेशानी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. देश में आईफोन और एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के एक बड़े हिस्से ने कहा है कि नवीनतम सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद उन्हें कॉल कनेक्शन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा है. ऑनलाइन मंच लोकलर्सिकल्स ने अपनी ताजा रिपोर्ट में यह कहा है.
सर्वेक्षण के अनुसार, देश में 60 प्रतिशत आईफोन उपयोगकर्ताओं और 40 प्रतिशत एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं ने कहा है कि नवीनतम सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद उन्हें अपनी सेवाओं में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.

कॉल विफलता सबसे बड़ी समस्या है जिसका सामना आईफोन उपयोगकर्ता कर रहे हैं, चाहे वह सामान्य कॉल हो या ऐप-आधारित कॉल. जबकि, ऐप्स का फ्रीज होना एंड्रॉइड उपयोगकर्ताओं के लिए सबसे बड़ी समस्या है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ह्लसर्वेक्षण में शामिल 10 में से छह एप्पल आईफोन उपयोगकर्ता जिन्होंने आईओएस 18 या उच्चतर में अपग्रेड किया है, उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इनमें से 28 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि अधिकांश/कुछ वॉयस और ओटीटी कॉल कनेक्ट नहीं होते हैं या ड्रॉप हो जाते हैं. वहीं, 12 प्रतिशत ने कहा कि फोन की स्क्रीन डार्क हो जाती है; 12 प्रतिशत ने कहा कि ऐप्स हैंग हो जाते हैं.ह्व

पिछले साल 12 नवंबर से 26 दिसंबर के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में भारत के 322 जिलों से 47,000 से अधिक प्रतिक्रियाएं (एप्पल आईफोन उपकरणों के उपयोगकर्ताओं से 31,000 और एंड्रॉइड उपकरणों के उपयोगकर्ताओं से लगभग 16,000) प्राप्त होने का दावा किया गया है.

सर्वेक्षण में पाया गया कि आईओएस 18 में अपग्रेड करने के बाद परेशानियों का सामना करने वाले लगभग 10 में से नौ ऐप्पल आईफोन उपयोगकर्ता इसका कारण आईओएस को मानते हैं. किसी ने भी अपनी समस्याओं के लिए अपने वाईफाई या मोबाइल नेटवर्क के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया. ऐप्पल अपने नवीनतम ऑपरेटिंग सिस्टम आईओएस 18 के अपडेट जारी कर रहा है. अक्टूबर में कंपनी ने आईफोन-16 के चुनिंदा मॉडल में स्क्रीन और कैमरा फ्रीजिंग की समस्या को ठीक करने के लिए आईओएस 18.0.1 अपडेट जारी किया था. सर्वेक्षण रिपोर्ट के संबंध में एप्पल और गूगल को भेजे गए ईमेल का कोई उत्तर नहीं मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu