होटल ध्वस्त करने के मामले में अभिनेता वेंकटेश, राणा, उनके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 10:52 PM
होटल ध्वस्त करने के मामले में अभिनेता वेंकटेश, राणा, उनके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. अभिनेता वेंकटेश दग्गुबाती, उनके भतीजे एवं अभिनेता राणा दग्गुबाती और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दग्गुबाती परिवार से पट्टे पर लिये गए भूखंड पर एक व्यवसायी द्वारा संचालित होटल को ध्वस्त करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

स्थानीय अदालत के निर्देश के बाद 11 जनवरी को फिल्मनगर थाने में वेंकटेश, राणा और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आपराधिक साजिश, मकान में जबरन घुसने और अन्य आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. शिकायतकर्ता भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायकों की खरीद-फरोख्त के कथित प्रयास से संबंधित मामले में आरोपियों में से एक है और उसे अक्टूबर 2022 में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई थी.

शिकायतकर्ता के अनुसार, दग्गुबाती परिवार ने 2014 में फिल्मनगर में एक भूखंड पट्टे पर दिया था और पंजीकृत ‘लीज डीज’ के निष्पादन के बाद उन्होंने वहां एक होटल संचालित करना शुरू कर दिया था. उन्होंने कहा कि ‘लीज डीड’ के अस्तित्व में होने के बावजूद वेंकटेश और अन्य लोगों ने उन्हें भूखंड से बेदखल करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्होंने मुकदमा दायर किया, जो सिटी सिविल कोर्ट में लंबित है. उन्होंने कहा कि रोक के लिए एक अंतरिम आदेश पारित किया गया था, जिसे समय-समय पर बढ.ाया जाता है.

शिकायतकर्ता ने कहा कि हालांकि, आरोपी व्यक्तियों ने कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर पट्टे पर दिए गए भूखंड में प्रवेश किया और जनवरी 2024 में ढांचे को ध्वस्त कर दिया. शिकायतकर्ता ने कहा कि इसके बाद उसने नामपल्ली अदालत का रुख किया, जिसने पुलिस को मामला दर्ज करने और जांच करने का निर्देश दिया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 जनवरी को मामला दर्ज किया गया और मामले में जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu