Delhi Election: आप का बड़ा आरोप, प्रवेश वर्मा ने करवाया केजरीवाल पर हमला

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 18 Jan 2025 05:45 PM
Delhi Election: आप का बड़ा आरोप, प्रवेश वर्मा ने करवाया केजरीवाल पर हमला
ऑडियो सुनें

आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार के वक्त अरविंद केजरीवाल पर ईंट-पत्थर से हमला किया है। प्रवेश वर्मा केजरीवाल को घायल कर उन्हें प्रचार करने से रोकना चाहते हैं।

BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल जी पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वो प्रचार ना कर सकें।

हमले के आरोप पर बोले प्रवेश वर्मा
वहीं हमले के आरोप में प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने हमारे कार्यकर्ताओं पर गाड़ी चढ़ा दी। इसमें मेरे एक कार्यकर्ता का पैर टूट गया है।

आप ने ट्वीटर पर इसका वीडियो जारी कर लिखा, हार के डर से बौखलाई बीजेपी, अपने गुंडों से करवाया अरविंद केजरीवाल जी पर हमला। बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वो प्रचार ना कर सकें। बीजेपी वालों, तुम्हारे इस कायराने हमले से केजरीवाल डरने वाले नहीं है, दिल्ली की जनता तुम्हें इसका करारा जवाब देगी।

हमले के इनपुट दे चुकी है खुफिया विभाग
बता दें कि खुफिया विभाग ने पहले ही इस तरह के इनपुट पुलिस को दिए हैं कि दिल्ली में बड़ी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं पर हमला व जानलेवा हमला हो सकता है। ये हमला आतंकी भी हो सकता है, जिन नेताओं पर हमला होने के इनपुट मिले हैं उनमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, आप के संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत 12 से राजनेता शामिल हैं।

आतंकियों के निशाने पर बड़े नेता
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच को दिल्ली पुलिस का खुफिया विभाग कहा जाता है। स्पेशल ब्रांच ने दो दिन पहले दिल्ली पुलिस को इनपुट दिए हैं कि चुनावों के दौरान तीनों बड़ी राजनीतिक पार्टियों भाजपा, आप व कांग्रेस के बड़े नेताओं पर हमला हो सकता है। इनमें प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित व आप के अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया व मुख्यमंत्री आतिशी शामिल हैं। शरारती तत्वों के निशाने पर पार्टियों के बड़े नेता शामिल हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने नेताओं पर जानलेवा हमले के जो इनपुट मिले हैं उनमें ये नहीं बताया गया है कि हमला कैसे हो सकता है। हालांकि ये इनपुट गंभीर हैं कि नेताओं पर हमला हो सकता है।

बढ़ाई जा सकती है सुरक्षा
दिल्ली पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जल्दी ही नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने पर विचार-विर्मश किया जा रहा है। इसके अलावा रैली व जनसभाओं में सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। सभी जिला पुलिस को नेताओं की सुरक्षा के साथ चुनावी जनसभाओं व घर-घर प्रचार अभियान के तहत विशेष नजर रखने के लिए कहा गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर विशेष इनपुट मिले हैं
खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमले के विशेष इनपुट मिले हैं। ये इनपुट देश के खुफिया विभाग ने दिए हैं। इसके बाद उनकी चुनावी रैलियां व सभाओं में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news