सक्ती जिले में वेदांता समूह स्थापित करेगा 100 अत्याधुनिक ‘नंद घर’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 06:55 PM
सक्ती जिले में वेदांता समूह स्थापित करेगा 100 अत्याधुनिक ‘नंद घर’
ऑडियो सुनें

सक्ती. छत्तीसगढ़ में कार्यरत वेदांता समूह राज्य के सक्ती जिले में 100 अत्याधुनिक ‘नंद घर’ स्थापित करेगा. वेदांता समूह के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि वेदांता समूह महिला एवं बाल विकास पहल ‘प्रोजेक्ट नंद घर’ के तहत छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 100 ‘नंद घर’ स्थापित करेगा.

उनके मुताबिक, इस परियोजना के वास्ते वेदांता समूह के लिए सामुदायिक विकास का कार्य करने वाली संस्था ‘अनिल अग्रवाल फाउंडेशन’ (एएएफ) और सक्ती जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच पिछले दिनों एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.

उन्होंने बताया कि इस पहल को वेदांता लिमिटेड छत्तीसगढ़ थर्मल पावर प्लांट (वीएलसीटीपीपी) द्वारा सहायता दी जाएगी.
अधिकारियों ने बताया कि वीएलसीटीपीपी राज्य के सिंघीतराई में निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट है, जिसकी कुल क्षमता 1,200 मेगावाट है. इस परियोजना के लिए सक्ती जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने 100 आंगनवाड़ियों की सूची तैयार की है, जिन्हें आधुनिक नंद घरों में तब्दील किया जाएगा.

परियोजना ‘नंद घर’ के सीईओ शशि अरोड़ा ने बताया, ”देश के 15 राज्यों में सात हजार से अधिक ‘नंद घर’ पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिससे पांच लाख से अधिक बच्चों और महिलाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है. इस परियोजना के तहत कुपोषण से निपटने, प्री-प्राइमरी शिक्षा को बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu