बीजापुर में मुठभेड़ में मारे गए आठ नक्सलियों पर कुल 16 लाख रुपये का इनाम था : पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 09:20 PM
बीजापुर में मुठभेड़ में मारे गए आठ नक्सलियों पर कुल 16 लाख रुपये का इनाम था : पुलिस
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए आठ नक्सलियों पर कुल 16 लाख रुपये का इनाम था. पुलिस ने यह जानकारी दी. गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोडका गांव के पास जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान प्रतिबंधित माओवादी संगठन के आठ सदस्यों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. मुठभेड़ में राज्य पुलिस की इकाई जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान भी घायल हुए थे.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि मारे गए नक्सलियों में से एक कमलेश नीलकंठ (24) माओवादियों के पश्चिम बस्तर संभाग के गंगालूर क्षेत्र समिति का सदस्य था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था. उन्होंने बताया कि गंगालूर एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ता) के ताती कमलू और मंगल ताती नामक दो अन्य नक्सलियों पर तीन-तीन लाख रुपये का इनाम था.

अधिकारी के मुताबिक, शेष नक्सलियों की पहचान लच्छू पोटाम (40), शंकर ताती (26), राजू ताती, विज्जू पदम (22) और सन्नू ताती (40) के रूप में हुई है तथा इन सभी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था. अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक इंसास राइफल, एक ग्रेनेड लॉन्चर और उसके 10 गोले, 12 बोर की दो राइफल, चार मुजल-लोडिंग राइफल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं.

इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 49 नक्सली मारे गए हैं. इनमें से 33 नक्सली बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर संभाग में मारे गए. पुलिस के अनुसार, 20-21 जनवरी को राज्य के गरियाबंद जिले में सुरक्षार्किमयों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए. गरियाबंद रायपुर संभाग का हिस्सा है. पुलिस ने बताया कि पिछले साल राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu