बीजापुर जिले में माओवादियों ने दो ग्रामीणों की हत्या की

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 07:18 PM
बीजापुर जिले में माओवादियों ने दो ग्रामीणों की हत्या की
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुड़गीचेरू गांव में संदिग्ध माओवादियों ने दो ग्रामीणों कारम राजू (32) और माड़वी मुन्ना (27) की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी है.

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि सोमवार रात अज्ञात माओवादी गांव पहुंचे और उन्होंने दोनों ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद माओवादी वहां से फरार हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों को गांव के लिए रवाना किया गया है.

इससे पहले, 26 जनवरी को बीजापुर के भैरमगढ़ इलाके में नक्सलियों ने 41 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. उस पर माओवादियों ने पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया था. नक्सलियों ने 16 जनवरी को भी बीजापुर के मिरतुर इलाके में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में 48 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. पुलिस के अनुसार, पिछले साल बीजापुर समेत सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में माओवादी हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में 68 नागरिक मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital