नाबालिग बेटे को जहर देकर मारने के आरोप में पिता गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Feb 2025 08:39 PM
नाबालिग बेटे को जहर देकर मारने के आरोप में पिता गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में एक पिता ने अपने 10 वर्षीय बेटे की ‘सोडियम नाइट्राइट’ नाम का जहरीला पदार्थ मिला पानी पिलाकर कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. बापूनगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कल्पेश गोहेल (47) ने अपने बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने की योजना बनाई थी लेकिन उसे अंजाम नहीं दिया. उन्होंने बताया कि गोहेल को मंगलवार को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया.

अधिकारी ने बताया कि अपराध के पीछे का कारण अब भी स्पष्ट नहीं है. अधिकारी ने आरोपी की बेटी के बयान के हवाले से बताया कि गोहेल ने अहमदाबाद के बापूनगर इलाके में अपने घर पर अपने बेटे ओम और 15 वर्षीय बेटी जिया को उल्टी रोकने के लिए शुरू में एक ‘दवा’ दी थी. उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने (गोहेल ने) कथित तौर पर अपने बेटे को सोडियम नाइट्राइट मिला पानीपिलाया.

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपने बच्चों को जहर देने के बाद आत्महत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन अपने बेटे की बिगड़ती हालत देखकर वह घबरा गया और घर से भाग गया. उन्होंने बताया कि पानी पीने के तुरंत बाद लड़के को उल्टी होने लगी और उसके परिवार के सदस्य उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. गोहेल अपने दो बच्चों, पत्नी और माता-पिता के साथ रहता था.

प्राथमिकी के अनुसार, उसने (गोहेल) पहले अपने दो बच्चों को दवा दी और फिर जब उसकी पत्नी बाहर गई हुई थी, तो उसने अपने बेटे को जहर मिला पानी पिला दिया. प्राथमिकी में बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपने बेटे को दिए गए पानी में 30 ग्राम सोडियम नाइट्राइट मिलाने की बात कबूल की. अधिकारी ने बताया कि पिता पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu