शिकार के दौरान साथी को ‘जंगली जानवर’ समझ ग्रामीणों ने गोलीबारी कर मार डाला, छह हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Feb 2025 08:38 PM
शिकार के दौरान साथी को ‘जंगली जानवर’ समझ ग्रामीणों ने गोलीबारी कर मार डाला, छह हिरासत में
ऑडियो सुनें

पालघर. महाराष्ट्र के पालघर जिले के जंगल में ग्रामीणों के एक समूह ने शिकार के दौरान गलती से एक साथी को कथित तौर पर जंगली सूअर समझ गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार 28 जनवरी की रात को हुई इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ और उसकी भी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने कहा कि इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है.

पालघर के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अभिजीत धारशिवकर ने बताया कि ग्रामीणों का समूह जंगली सूअरों के शिकार के लिए जिले के मनोर में बोरशेती वन क्षेत्र में गया था. उन्होंने कहा, “अभियान के दौरान, कुछ ग्रामीण समूह से अलग हो गए. कुछ समय बाद, उनमें से एक ग्रामीण ने दूसरे समूह को जंगली सूअर समझ गोली चला दी, जिसमें दो ग्रामीण घायल हो गए. उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.” उन्होंने बताया कि दुर्घटनावश हुई हत्या से स्तब्ध और घबराए ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के बजाय मृतक के शव को झाड़ियों में छुपा दिया.

धाराशिवकर ने बताया, “सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध में शामिल होने के संदेह में छह ग्रामीणों को हिरासत में लिया.” उन्होंने कहा, “अधिकारियों ने बुधवार को व्यापक तलाशी लेने के बाद पीड़ित का अत्यधिक क्षत-विक्षत शरीर बरामद किया और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.” एसडीपीओ ने बताया कि कथित तौर पर घायल ग्रामीण की भी इलाज के दौरान मौत हो गई और ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचित किए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu