चैंपियंस ट्रॉफी: खिलाड़ियों के चोटिल होने और अचानक संन्यास से ऑस्ट्रेलिया को लगा झटका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Feb 2025 08:29 PM
चैंपियंस ट्रॉफी: खिलाड़ियों के चोटिल होने और अचानक संन्यास से ऑस्ट्रेलिया को लगा झटका
ऑडियो सुनें

मेलबर्न/गॉल. कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की तेज गेंदबाजी जोड़ी चोटिल होने के कारण बाहर हो गई है जबकि ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने अचानक संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया जिससे आस्ट्रेलिया की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है.

कमिंस और हेज.लवुड के अलावा ऑलराउंडर मिशेल मार्श भी चोटिल होने के कारण चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेल पाएंगे. इसका मतलब है कि ऑस्ट्रेलिया को अपनी शुरुआती 15 सदस्यीय टीम में कम से कम चार बदलाव करने होंगे. चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से पाकिस्तान  और दुबई में खेली जाएगी जिसमें दुनिया की शीर्ष आठ टीम भाग लेंगी. ऑस्ट्रेलिया को 12 फरवरी तक अपनी अंतिम टीम का चयन करना होगा.

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में चुने गए स्टोइनिस ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया. यह 35 वर्षीय खिलाड़ी हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के लिए उपलब्ध रहेगा . कमिंस टखने की चोट से नहीं उबर पाए हैं, जिसने उन्हें भारत के खिलाफ हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट श्रृंखला के दौरान भी परेशान किया था. हेज.लवुड अभी भी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं. वह अपनी इस चोट के कारण भारत के खिलाफ अंतिम दो टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे. मार्श पीठ की चोट से नहीं उबर पाने के कारण पहले ही चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं.

ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय चयन पैनल के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने गुरुवार को गॉल में कहा, ”दुर्भाग्य से पैट, जोश और मिच चोटों से जूझ रहे हैं और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे. यह निराशाजनक है लेकिन इससे अन्य खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा .” कमिंस की अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ या ट्रैविस हेड चैंपियंस ट्रॉफी में वनडे विश्व कप विजेता टीम का नेतृत्व कर सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मैच 22 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है. इसके बाद उसे बाद दक्षिण अफ्रीका (25 फरवरी, रावलपिंडी) और अफगानिस्तान (28 फरवरी, लाहौर) के खिलाफ मैच खेलने हैं. माना जा रहा है कि एसए20 टूर्नामेंट के दौरान हैम्ट्रिरंग की चोट के कारण स्टोइनिस ने अचानक यह फैसला किया. वह इस टूर्नामेंट में डरबन सुपर जॉइंट्स की तरफ से खेलते हैं.

स्टोइनिस ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जारी किए गए बयान में कहा, ”ऑस्ट्रेलिया के लिए एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलना अविश्वसनीय सफर रहा और इसके लिए मैं आभारी हूं. अपने देश का शीर्ष स्तर पर प्रतिनिधित्व करना ऐसी चीज है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा.” उन्होंने कहा, ”मेरे लिए यहां फैसला करना आसान नहीं था लेकिन मुझे लगता है कि एक दिवसीय क्रिकेट को अलविदा कहने और अपने करियर के अगले अध्याय पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करने का यह सही समय हे.” स्टोइनिस ने कहा, ”रॉन (मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड) के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं और मैंने उनके समर्थन की बेहद सराहना की है. मैं चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान अपने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाऊंगा.” मैकडोनाल्ड ने पिछले एक दशक में ऑस्ट्रेलिया की टीम के वनडे अभियान में अहम योगदान देने के लिए स्टोइनिस की सराहना की.

उन्होंने कहा, ”स्टोइनिस पिछले एक दशक से हमारी वनडे टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं. वह एक शानदार खिलाड़ी और बहुत अच्छे इंसान हैं. वह अपने वनडे करियर और अपनी उपलब्धियों के लिए बधाई के पात्र हैं.” स्टोइनिस ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 2015 में इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में की थी. उन्होंने 71 वनडे मैच में 1495 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं. उन्हें 2018-19 में देश का वर्ष का एकदिवसीय क्रिकेटर चुना गया था. वह टी20 (2021) और वनडे (2023) दोनों प्रारूपों में ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं. कमिंस और हेज.लवुड का 23 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना भी संदिग्ध है. कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान हैं, जबकि हेज.लवुड को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नीलामी में 12.50 करोड़ रुपये में खरीदा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu