केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अप्रैल से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 10:19 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अप्रैल से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर
ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अप्रैल से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी. शर्मा ने बताया कि शाह अपने दो दिवसयी दौरे के दौरान ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे और नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

राज्य सरकार में गृह विभाग संभाल रहे शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि शाह चार अप्रैल की रात को रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन सुबह बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा जाएंगे. उन्होंने बताया कि शाह दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा करेंगे और बाद में ‘बस्तर पंडुम’ के समापन समारोह में शामिल होंगे.

शर्मा ने बताया कि इसके बाद शाह स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और बाद में नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज हुए हैं.

जनवरी 2024 से राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने लगभग 350 नक्सलियों को मार गिराया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है. सुरक्षा बलों ने शनिवार (29 मार्च) को बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई मुठभेड़ों में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सलियों को मार गिराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu