छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Apr 2025 09:10 PM
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए सोमवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विपक्ष के नेता चरणदास महंत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की सचिव एवं छत्तीसगढ़ सह प्रभारी जरिता लैतफलांग सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता रायपुर में नगर निगम कार्यालय के सामने एकत्र हुए तथा मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करने के लिए सिविल लाइंस की तरफ बढ़े.

जब कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ओसीएम चौक के करीब पहुंचे, तब वहां तैनात पुलिस दल ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया.
छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बैज ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है और बलात्कार, लूट एवं हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही है.

बैज ने कहा, ”इतनी गर्मी में आप सभी का आना और मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्रयास करना ऐतिहासिक है. यह लड़ाई छत्तीसगढ़ के हित के लिए है. यह लड़ाई सरकार के खिलाफ, भाजपा के खिलाफ, छत्तीसगढ़ की जनता के हक की लड़ाई है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”छत्तीसगढ़ में माताओं और बहनों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहा है. सरकार जागने को तैयार नहीं है, वह सत्ता के नशे में चूर है.” बैज ने कहा, ह्लछत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है. दुर्ग में छह साल की बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. वहीं, लोरमी में सात साल की बच्ची गायब है, जबकि मरवाही में नौवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बेमेतरा में भी 12 साल की बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. प्रदेश में माताओं एवं बहनों को बचाना है और भाजपा सरकार को जगाना है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”छत्तीसगढ़ में बलात्कार, लूट, डकैती, अपरहरण के आंकड़े चौकाने वाले हैं.

उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे हालात बन गए हैं. जहां जुल्म होगा, अन्याय होगा, वहां कांग्रेस पार्टी हक दिलाने के लिए 24 घंटे तैयार है.” उन्होंने कहा, ”हमारी लड़ाई को कोई नहीं रोक पाएगा. हम विधानसभा, लोकसभा, निगम चुनाव हार गए, पर हम रुकने वाले नहीं हैं. हम मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे. इस लड़ाई में हम गोली खाने को भी तैयार हैं.” एआईसीसी सचिव लैतफलांग ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है और हर क्षेत्र में महिलाओं के ऊपर अत्याचार हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में लड़कियों की तस्करी हो रही है और उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में बच्चियां लापता हैं. रायपुर में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाली सड़कों पर कई जगहों पर अवरोधक लगाए गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu