ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेशनल हेराल्ड मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है: श्रीनेत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 07:17 PM
ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेशनल हेराल्ड मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है: श्रीनेत
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों और अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नेशनल हेराल्ड मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है.

यहां पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के मुख्यालय राजीव भवन में श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल आरोपपत्र विशुद्ध राजनीतिक षड़यंत्र है. प्रवर्तन निदेशालय द्वारा न्यायालय में दाखिल आरोपपत्र में कथित तौर पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम होने के विरोध में कांग्रेस देशभर के संवाददाता सम्मेलन कर रही है. श्रीनेत ने कहा कि भाजपा देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों और अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम को तोड़-मरोड़ कर पेश करने कोशिश कर रही है तथा देश के विरासत का अपमान कर रही है.

कांग्रेस नेता ने कहा,”हाल के कांग्रेस के ऐतिहासिक गुजरात अधिवेशन से बौखलाए मोदी-शाह की जोड़ी ने फिर से पार्टी पर प्रवर्तन निदेशालय को छोड़ दिया है. कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दाखिल तथाकथित आरोपपत्र कुछ और नहीं बल्कि विशुद्ध राजनीतिक षड़यंत्र है. गांधी परिवार का हर सदस्य- चाहे वह राजनीति में हो या नहीं-भाजपा द्वारा निशाना बनाया जा रहा है.”

उन्होंने कहा, ”विडंबना यह है कि पहली बार धनशोधन के आरोप ऐसे मामले में लगाए जा रहे है, जिसमें एक भी पैसा या संपत्ति हस्तांतरित नहीं की गई है. ‘बैलेंस शीट’ को कर्ज मुक्त बनाने के लिए कर्ज को इक्विटी में बदला जाता है. यह एक आम प्रथा है और पूरी तरह से कानूनी है. जब पैसा ही नहीं है, तो धनशोधन कहां है?” उन्होंने कहा, ”यह एक षड़यंत्रकारी राजनीतिक ठगी है. मोदी सरकार ने ईडी को अपना चुनाव विभाग बना लिया है और बार-बार प्रतिशोध के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है.” श्रीनेत ने कहा कि ईडी के मामलों में सजा की दर सिर्फ एक प्रतिशत है तथा ईडी ने जो राजनीतिक मामले दर्ज किए हैं, उनमें से 98 प्रतिशत मामले सत्ताधारी पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हैं.

उन्होंने कहा,” सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के परिवार के खिलाफ मनगढ़ंत मामले सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से कम नहीं है. फर्जी और झूठे मामलों के माध्यम से नेतृत्व और उनके परिवारों को निशाना बनाकर, भाजपा सरकार कांग्रेस पार्टी को दबाने की पूरी कोशिश कर रही है. यह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री द्वारा राजनीतिक धमकी का एक भद्दा प्रयास है. यह बदले की राजनीति का सबसे बुरा रूप है.”

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ”चाहे वे हमें कितना भी चुप कराने की कोशिश करें, हम चुप नहीं होंगे. जो लोग दूसरों को डराने की कोशिश कर रहे हैं, वे खुद डरे हुए हैं. यह एक राजनीतिक साजिश है. कांग्रेस पार्टी इसका सीधे सामना करेगी. सत्य की जीत होगी.” उन्होंने कहा कि 1937 में पुरूषोत्तम दास टंडन, आचार्य नरेंद्र देव और रफी अहमद किदवई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के साथ, पंडित जवाहर लाल नेहरू ने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ भारत के स्वतंत्रता संग्राम की मुख्य आवाज के रूप में नेशनल हेराल्ड अखबार की शुरुआत की, जिसके हिंदी और उर्दू संस्करण नवजीवन और कौमी आवाज शीर्षक से प्रकाशित हुए.

श्रीनेत ने दावा किया कि नेशनल हेराल्ड स्वतंत्रता संग्राम की राष्ट्रीय धरोहर है तथा अंग्रेजों को इस अखबार से इतना खतरा महसूस हुआ कि उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उसपर प्रतिबंध लगा दिया और यह प्रतिबंध 1945 तक चला. कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के पूर्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीयों के खिलाफ अंग्रेजों का साथ दिया था, और अब वह स्वय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को मिटाने पर तुली हुई है, वह स्वतंत्रता संग्राम और विशेष रूप से स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस पार्टी की भूमिका को कलंकित करने के लिए दुष्प्रचार रही है. संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत तथा अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu