इस्तांबुल में 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटकों से हिली इमारतें, लोगों में दहशत का माहौल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 10:06 PM
इस्तांबुल में 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटकों से हिली इमारतें, लोगों में दहशत का माहौल
ऑडियो सुनें

इस्तांबुल. तुर्किये की आपदा एवं आपात प्रबंधन एजेंसी ने बुधवार को बताया कि इस्तांबुल और अन्य इलाकों में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया. एजेंसी के मुताबिक, 1.60 करोड़ की आबादी वाले इस्तांबुल में गंभीर क्षति या किसी के घायल होने की तत्काल कोई खबर नहीं है.
‘यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे’ के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.2 थी और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी. एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र इस्तांबुल से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में मरमारा सागर में था.

एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के झटके पड़ोसी प्रांत टेकिरदाग, यालोवा, बुर्सा ­व बालिकेसिर और इस्तांबुल से लगभग 550 किलोमीटर दक्षिण में इजमिर शहर में महसूस किये गये. एजेंसी ने बताया कि भूकंप के बाद भी कई झटके महसूस किए गए, जिनमें से एक बार झटके की तीव्रता 5.3 थी. एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के झटकों की शुरुआत दोपहर 12:49 पर शुरू हुई. चूंकि सार्वजनिक अवकाश था, इसलिए कई बच्चे सड़कों पर जश्न मना रहे थे.

एजेंसी ने बताया कि भूकंप से इस्तांबुल में दहशत फैल गई और घबराए हुए लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गये. एजेंसी के मुताबिक, लोगों से इमारतों से दूर रहने का आग्रह किया गया. एनटीवी प्रसारक ने बताया कि इस ऐतिहासिक फतह जिले में एक पुरानी आवासीय इमारत ढह गई. फतह जिले में ‘ब्लू’ मस्जिद और ‘हागिया सोफिया’ विशाल मस्जिद है.

तुर्किये में छह फरवरी, 2023 को 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके कुछ घंटों बाद आये दूसरे शक्तिशाली भूकंप ने तुर्किये में सैकड़ों इमारतों को नष्ट कर दिया. भूकंप में 53,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी थी. पड़ोसी सीरिया में 6,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu