पाक अभिनेता फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ भारत में नहीं होगी रिलीज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 07:16 PM
पाक अभिनेता फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ भारत में नहीं होगी रिलीज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान अभिनीत फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को भारत में रिलीज करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सरकारी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. इस फिल्म में फवाद मुख्य भूमिका में हैं. आरती एस. बागड़ी द्वारा निर्देशित और वाणी कपूर अभिनीत यह फिल्म नौ मई को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी.

सूत्रों ने बताया, ”पाकिस्तान के अभिनेता फवाद खान अभिनीत फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को भारत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा.” यह कदम दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग के बीच उठाया गया है.

‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई)’ ने बुधवार को पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाने के अपने निर्देश को दोहराया. उन्होंने भारतीय फिल्म और मनोरंजन उद्योग में सभी पाकिस्तानी कलाकारों, गायकों और तकनीशियनों के साथ काम नहीं करने का आह्वान किया.

एफडब्ल्यूआईसीई ने एक बयान में कहा, ”पहलगाम में हाल ही में हुए हमले के मद्देनजर एफडब्ल्यूआईसीई एक बार फिर किसी भी भारतीय फिल्म या मनोरंजन कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी पाकिस्तानी कलाकारों, गायकों और तकनीशियनों का पूर्ण बहिष्कार करने के लिए बाध्य है. इसमें दुनिया में कहीं भी होने वाले प्रदर्शन या कार्यक्रम शामिल हैं.” फिल्म श्रमिक संघ ने पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद फरवरी 2019 में भी इसी तरह का निर्देश जारी किया था और उसने यह भी चेतावनी दी थी कि वह पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा.

फवाद ने इससे पहले 2016 में हिंदी फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में भूमिका निभाई थी. उस समय भी उरी में हुए आतंकवादी हमले के बाद वह मुश्किलों में घिर गए थे. फवाद ने बुधवार रात अपने ‘इंस्टाग्राम’ में ‘स्टोरी’ पर पहलगाम हमले की निंदा की. उन्होंने लिखा, ”पहलगाम में हुए जघन्य हमले की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस भयावह घटना के पीड़ितों के साथ हैं….” वाणी ने ‘इंस्टाग्राम स्टोरीज’ पर लिखा, ”जब से मैंने पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हमला देखा है, तब से मैं स्तब्ध हूं. मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं. मैं बहुत दुखी हूं.” इस महीने की शुरुआत में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को रिलीज किए जाने का विरोध किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu