कांग्रेस और सपा के कार्यकाल के दौरान उनके एजेंडे में देश व आम जनता नहीं थी: योगी आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 09:17 PM
कांग्रेस और सपा के कार्यकाल के दौरान उनके एजेंडे में देश व आम जनता नहीं थी: योगी आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

गोरखपुर/लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि 2014 से पहले कांग्रेस के एजेंडे में देश नहीं था और राज्य में 2017 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के एजेंडे में आम जनता नहीं थी. आदित्यनाथ ने गोरखपुर के चरगावां में 9.89 करोड़ रुपये की लागत से 200 टन प्रति दिन (टीपीडी) क्षमता वाले कूड़ा स्थानांतरण स्टेशन (जीटीएस) के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “2014 से पहले सरकार (कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) के एजेंडे में देश नहीं था और 2017 से पहले राज्य में सरकार (सपा) के एजेंडे में आम जनता नहीं थी.” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके (कांग्रेस और सपा) द्वारा हर काम को वोट के नजरिए से देखा जाता था इसलिए देश और प्रदेश की जो दुर्गति हुई है, वह सबके सामने है.

योगी ने कहा, “ये वो लोग हैं, जो सत्ता में रहते हुए कुछ नहीं कर पाए. काम करने के लिए दृष्टिकोण की जरूरत होती है, दृष्टिकोण को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए इच्छाशक्ति की जरूरत होती है और इच्छाशक्ति के साथ-साथ ईमानदारी की भी जरूरत होती है.” उन्होंने यह भी कहा कि समग्र दृष्टिकोण को परिणाम में बदलने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत होती है.

मुख्यमंत्री ने कहा, “लेकिन, जहां एक परिवार को ही देश माना जाता है, जहां एक परिवार को ही सब कुछ माना जाता है, वहां उनसे यह उम्मीद करना कि वे कुछ भी करेंगे, अपने आप में ‘बेईमानी’ है.” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा राज्य के साथ और कांग्रेस व उसके सहयोगियों द्वारा देश के साथ यह अन्याय किया जा रहा था.

योगी ने कहा, “इसी का नतीजा है कि एक बारिश में पूरा शहर पानी से भर जाता था. मच्छरों की भरमार थी, कूड़े के ढेर लगे रहते थे और 15 जून के बाद हर घर में ‘इंसेफेलाइटिस’ का आतंक छा जाता था. आज कूड़ा स्थानांतरिक स्टेशन बन गया है. आज ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए बेहतर प्रयास हो रहे हैं.”

आतंकी हमले पर सपा नेताओं के बयान पाकिस्तानी प्रवक्ता जैसे लग रहे हैं: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकी हमले पर सपा नेताओं के बयान पाकिस्तान प्रवक्ता के लग रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को देवरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की. पहलगाम के बैसरन में हुए जघन्य हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभा के दौरान 676 करोड़ की 501 परियोजनाओं में से 341 परियोजनाओं का लोकार्पण और 160 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर समाजवादी पार्टी के नेताओं के काफी शर्मनाक बयान सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि सपा नेताओं के बयान से यह पता लगाने में काफी मुश्किल हो रही है कि वह सपा के नेता का बयान है या फिर पाकिस्तान का प्रवक्ता बयान दे रहा है.

योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि आतंकवादियों ने कानुपर के रहने वाले शुभम द्विवेदी की निर्मम हत्या कर दी और जब पत्रकारों ने सपा अध्यक्ष से उनके (शुभम) घर पर न जाने की वजह पूछी तो यादव ने जवाब दिया कि वह हमारी पार्टी का नहीं था.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बयान काफी दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है.

योगी ने कहा कि पूरा देश पार्टी लाइन से ऊपर उठकर घटना की निंदा कर रहा है और सपा के नेता दुर्भाग्यपूर्ण बयान दे रहे हैं.
योगी ने सपा पर आरोप लगाया कि पार्टी का एक राष्ट्रीय महासचिव बयान देता है कि हिंदू ने ही हिंदू को मारा यानी पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कुत्सित चेष्टा की जा रही है. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के नेता जातिवाद, विभाजनकारी और तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा पूरा देश एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu