देश की भावनाओं को समझकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सही कदम उठाएं प्रधानमंत्री: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 07:07 PM
देश की भावनाओं को समझकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सही कदम उठाएं प्रधानमंत्री: खरगे
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से देश की भावनाओं को समझकर मौजूदा स्थिति में किसी भी कार्रवाई के लिए राजनीतिक दलों द्वारा उन्हें दिए गए अधिकार का उपयोग करते हुए देश की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द सही कदम उठाने का आग्रह किया.

कांग्रेस प्रमुख ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर पार्टी के ‘गायब’ पोस्ट पर उठे विवाद के बीच आतंकवादी हमले पर चर्चा करने और सामूहिक संकल्प प्रर्दिशत करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि किसी की गरिमा या छवि को कोई नुकसान पहुंचाने का कोई प्रयास नहीं किया जाना चाहिए.

खरगे ने संसद के विशेष सत्र की मांग पर पूछे गए सवाल पर कहा, “सभी दलों को एक साथ होना चाहिए. सत्र बुलाया जाना चाहिए और प्रधानमंत्री को उसमें उपस्थित होना चाहिए. प्रधानमंत्री ने क्या कदम उठाए हैं या उठाने की योजना बना रहे हैं. उन्हें सदस्यों को इसकी जानकारी देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ऐसी बातों को गुप्त रखकर ही अभियान चलाना होता है.” कांग्रेस प्रमुख ने कहा, “लेकिन मौजूदा स्थिति और उनके (प्रधानमंत्री के) मन में क्या चल रहा है, इस बारे में उन्हें कम से कम सत्र के दौरान सदन के नेताओं की बैठक बुलानी चाहिए और उनसे बात करनी चाहिए.”

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “हमने उन्हें (केंद्र सरकार को) पहले ही पूरा अधिकार दे दिया है और उनसे कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि भारत के लोगों और सैनिकों को कोई परेशानी न हो और हमें भी कोई झटका न लगे. हमने उन्हें पाकिस्तान को नियंत्रण में रखने के लिए पूरा समर्थन दिया है.” खरगे ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री लोगों की राय और देश में मौजूद भावनाओं को समझेंगे तथा मौजूदा स्थिति में किसी भी अभियान को अंजाम देने के लिए सभी दलों द्वारा उन्हें दिए गए अधिकार का उपयोग करेंगे व अपना काम करेंगे. उन्हें जल्द से जल्द देश की सुरक्षा के लिए सही कदम उठाना चाहिए.” खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले ही प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए कह चुके हैं.

यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर ‘गायब’ पोस्ट के कारण कांग्रेस को किरकिरी का सामना करना पड़ा है, खरगे ने कहा, “मैंने इसे नहीं देखा है, मैं क्या कह सकता हूं.” उन्होंने कहा, “लेकिन, कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, फिर चाहे प्रधानमंत्री हो या कोई अन्य नेता, किसी को भी उनकी गरिमा या छवि को नुकसान पहुंचाने का कोई प्रयास नहीं करना चाहिए. कोई भी करे, चाहे वो (भाजपा) करें या हमारे लोग (कांग्रेस), ये ठीक नहीं है.” कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना उनकी किसी पुरानी तस्वीर को दिखाया गया था जिसमें केवल परिधान दिखाई दे रहे थे और उनका शरीर दिखाई नहीं दे रहा है.

इस तस्वीर में ऊपर ‘गायब’ लिखा था और शीर्षक था, ”जिम्मेदारी के समय गायब”. कड़ी प्रतिक्रिया जताए जाने पर बाद में कांग्रेस ने इस पोस्ट को हटा दिया. देश में मौजूदा हालात के मद्देनजर पार्टी नेताओं द्वारा दिए जा रहे विवादित बयानों और उन्हें दिए गए निर्देशों के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा, “हमने पहले ही निर्देश दे दिए हैं. आपको इसकी जानकारी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu