इस्लामाबाद/नयी दिल्ली. पाकिस्तान ने बुधवार को ”विश्वसनीय खुफिया जानकारी” का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर उसके खिलाफ सैन्य कार्रवाई की योजना बना रहा है. पाकिस्तान ने साथ ही चेतावनी दी कि भारत को इसके परिणाम भुगतने होंगे.
सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को शीर्ष रक्षा अधिकारियों से कहा था कि पहलगाम आतंकवादी हमले पर भारत को कैसे जवाब देना है, उसके लक्ष्य क्या हैं और इसे कब अंजाम देना है, इस पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बलों को ”अभियान के संचालन की पूरी स्वतंत्रता” है. इसके बाद पाकिस्तान की ओर से यह बयान आया है.
पिछले हफ्ते पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ. गया है. पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे.
मोदी ने कहा था कि भारत एक एक आतंकवादी और उनके आकाओं की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें सजा देगा. उन्होंने कहा था ”हम धरती के आखिरी छोर तक उनका (पहलगाम के हमलावरों का) पीछा करेंगे. आतंकवाद कभी भारत का मनोबल नहीं तोड़ पाएगा, क्योंकि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक हमले तेज कर दिए हैं.” पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने कहा कि भारत सरकार पहलगाम में हाल में हुए आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता के बारे में ”निराधार और मनगढ.ंत आरोपों” के आधार पर हमला करने की तैयारी कर रही है.
बयान के अनुसार, मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और उसने हमेशा आतंकवाद के सभी स्वरूपों की निंदा की है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने एक आयोग द्वारा ”विश्वसनीय, पारदर्शी और स्वतंत्र” जांच की पेशकश की है लेकिन भारत जांच से बच रहा है और टकराव का रास्ता चुन रहा है.
पाकिस्तान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सतर्क रहना चाहिए. साथ ही उसने चेतावनी दी कि भारत द्वारा किसी भी सैन्य दुस्साहस का ”निश्चित रूप से और निर्णायक रूप से जवाब दिया जाएगा” और ”संघर्ष की स्थिति बढ.ने तथा उसके परिणामों की जिम्मेदारी पूरी तरह से भारत पर होगी.” इससे पहले, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदमों की घोषणा की थी, जिनमें पाकिस्तानी सैन्य अताशे को निष्कासित करना, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करना, 27 अप्रैल से पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करना तथा अटारी भूमि-पारगमन चौकी को तत्काल बंद करना शामिल है.
भारत के साथ संघर्ष की आशंका बढ़ती जा रही है: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव कम करने के लिए विभिन्न देशों की ओर से किये जा रहे प्रयासों के बावजूद समय गुजरने के साथ भारत के साथ संघर्ष की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं. आसिफ ने यह टिप्पणी संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए की, जहां उनसे देश की सुरक्षा स्थिति के बारे में पूछा गया था.
उन्होंने कहा, ”समय गुजरने के साथ संघर्ष की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं, कम नहीं हो रही हैं. हालांकि कई देश इस स्थिति को टालने की कोशिश कर रहे हैं.” आसिफ ने पाकिस्तान पर किसी भी हमले की स्थिति में भारत को उचित जवाब देने की प्रतिबद्धता जताई, लेकिन पाकिस्तानी कार्रवाई का ब्योरा देने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा, ”यदि भारत की ओर से कोई उल्लंघन किया जाता है, तो हम जवाब देंगे और हमारी प्रतिक्रिया भारतीय कार्रवाई पर निर्भर करेगी.” उन्होंने कहा, ”हमारी प्रतिक्रिया के बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए.” उन्होंने कहा कि ह्लभारत को समझदारी दिखानी होगीह्व लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जमीनी स्तर पर इसका कोई सबूत नहीं है क्योंकि तनाव में कोई कमी नहीं आई है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ”मैं पाकिस्तान की प्रतिक्रिया के बारे में अटकलें नहीं लगाना चाहता, लेकिन यह भारतीय कार्रवाई से बड़ी होगी.”