लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने सेना की उत्तरी कमान का प्रभार संभाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 09:26 PM
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने सेना की उत्तरी कमान का प्रभार संभाला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय सेना में समृद्ध परिचालन अनुभव रखने वाले सम्मानित अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने बृहस्पतिवार को उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को ही मेजर जनरल लिसम्मा पीवी ने नयी दिल्ली स्थित सैन्य र्निसंग सेवा (एमएनएस) की अतिरिक्त महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया. उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिन्द्र कुमार का स्थान लिया, जो 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए.

रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ”लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने आज उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी का पदभार ग्रहण किया. जनरल ऑफिसर के पास समृद्ध परिचालन अनुभव है. वह नियंत्रण रेखा पर एक पैदल सेना बटालियन, ब्रिगेड और डिवीजन की कमान संभाल चुके हैं और पश्चिमी क्षेत्र में एक स्ट्राइक कोर का भी नेतृत्व कर चुके हैं.” लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला (पुणे), भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून और रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन के पूर्व छात्र हैं. उन्हें दिसंबर 1987 में मद्रास रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त हुआ था.

बयान के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा को स्टाफ और अनुदेशात्मक नियुक्तियों में विविध अनुभव है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र मिशन में स्टाफ अधिकारी का पद भी शामिल है. रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक लिसम्मा पीवी मेजर जनरल शीना पी.डी. का स्थान लेंगी, जो चार दशक तक सेवा देने के बाद 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गईं.

केरल के कोल्लम जिले से ताल्लुक रखने वाली मेजर जनरल लिसम्मा पीवी जालंधर के सैन्य अस्पताल के स्कूल ऑफ र्निसंग की पूर्व छात्रा हैं. बयान में कहा गया है, ”1986 में एमएनएस में शामिल होने के बाद जनरल ऑफिसर ने कला और कानून में स्नातक की डिग्री के साथ-साथ अस्पताल प्रशासन में परास्नातक की डिग्री भी हासिल की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu