ब्रिटेन : आतंकवादी हमले की साजिश के आरोप में कई ईरानी नागरिक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 09:05 PM
ब्रिटेन : आतंकवादी हमले की साजिश के आरोप में कई ईरानी नागरिक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन की आतंकवाद निरोधी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में ”तेजी से आगे बढ़ रही” जांच के तहत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से सात के ईरानी नागरिक होने की पुष्टि हुई है. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.
पुलिस ने दावा किया कि गिराफ्तार आरोपी देश में एक खास स्थान को निशाना बनाने के लिए साजिश रच रहे थे.

पुलिस ने बताया कि 29 से 46 साल की उम्र के पांच लोगों को इंग्लैंड के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया, जबकि 39 से 55 वर्ष की आयु के तीन अन्य लोगों को शनिवार को लंदन के विभिन्न स्थानों से पकड़ा गया. दोनों ही अभियान ईरानी नागरिकों से संबंधित थे, लेकिन मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आतंकवाद रोधी कमान ने इन्हें अलग-अलग जांच से जुड़ा बताया.

आतंकवाद रोधी कमान के प्रमुख कमांडर डोमिनिक मर्फी ने कहा, ”यह एक तेजी से आगे बढ़ने वाली जांच है और हम प्रभावित स्थल पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि उन्हें अद्यतन जानकारी दी जा सके.” उन्होंने बताया कि पहले मामले में पांच लोगों को स्विंडन, मैनचेस्टर, रोशडेल, स्टॉकपोर्ट और लंदन से गिरफ्तार किया गया है.

मर्फी ने कहा, ”जांच अभी भी अपने शुरुआती चरण में है और हम किसी भी संभावित निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं, साथ ही यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस मामले से जनता को कोई और खतरा हो सकता है. हम समझते हैं कि जनता चिंतित हो सकती है और हमेशा की तरह, मैं उनसे सतर्क रहने के लिए कहूंगा और अगर वे कुछ भी ऐसा देखते या सुनते हैं, जो उन्हें चिंतित करता है, तो हमसे संपर्क करें.” पुलिस ने बताया कि पहले मामले में गिरफ्तार पांच लोगों में से चार ईरानी नागरिक हैं और उन्हें आतंकवादी कृत्य की तैयारी के संदेह में पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य की नागरिकता की जांच की जा रही है और उसे पुलिस और आपराधिक साक्ष्य अधिनियम (पीएसीई) के तहत हिरासत में लिया गया है.

पुलिस के एक बयान में कहा, ”जांच एक विशिष्ट परिसर को निशाना बनाने की संदिग्ध साजिश से संबंधित है. अधिकारी प्रभावित स्थल के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं ताकि उन्हें सूचित किया जा सके और प्रासंगिक सलाह और सहायता प्रदान की जा सके, लेकिन परिचालन कारणों से, हम इस समय और अधिक जानकारी देने में सक्षम नहीं हैं.” अधिकारी जांच के तहत ग्रेटर मैनचेस्टर, लंदन और स्विंडन क्षेत्रों के कई ठिकानों की तलाशी ले रहे हैं और इसमें ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस और विल्टशायर पुलिस के साथ-साथ देशभर की आतंकवाद निरोधी पुलिस सहयोग कर रही है.

पुलिस ने बताया कि एक अन्य मामले में लंदन से तीन ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. ब्रिटेन की गृह मंत्री यवेट कूपर ने कहा, ”सरकार देश को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सभी कार्रवाई और सुरक्षा आकलन में सहायता के लिए पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu