नीरज चोपड़ा फिर से पोलैंड में होने वाली प्रतियोगिता में वेबर के लिए चुनौती पेश करेंगे

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 22 May 2025 01:41 PM
नीरज चोपड़ा फिर से पोलैंड में होने वाली प्रतियोगिता में वेबर के लिए चुनौती पेश करेंगे
ऑडियो सुनें

चोरजोव: पिछले हफ्ते दोहा में 90 मीटर का थ्रो फेंकने वाले दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा शुक्रवार को यहां ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में फिर इससे बड़ा थ्रो फेंकने की कोशिश करेंगे।

चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर दूर तक भाला फेंका लेकिन उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा क्योंकि जर्मनी के जूलियन वेबर ने अपने अंतिम प्रयास में 91.06 मीटर की दूरी से भारतीय एथलीट को पछाड़ दिया।

2022 यूरोपीय चैंपियन और 2024 में रजत पदक विजेता वेबर ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 93.07 मीटर) के साथ पोलैंड में होंगे। ग्रेनाडा दोहा में 84 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

पोलैंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी मार्सिन क्रुकोव्स्की (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.55 मीटर) के साथ हमवतन साइप्रियन मिर्जग्लोड (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 84.97 मीटर), डेविड वेगनर (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 82.21 मीटर), मोल्दोवा के एंड्रियन मार्डारे (86.66 मीटर) और यूक्रेन के आर्टूर फेलनर (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 84.32 मीटर) आठ पुरुष खिलाड़ियों में शामिल हैं।

चोपड़ा 2018 में 88 मीटर पार करने के बाद से 90 मीटर का थ्रो लगाने की कोशिश में जुट रहे। वह इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि आखिरकार उनके कंधों से बोझ उतर गया है, उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘यह तो बस शुरूआत थी’ और वह आने वाले लंबे सत्र में और अधिक दूर भाला फेंकने की कोशिश करेंगे।

इस सत्र की अहम प्रतियोगिता सितंबर में तोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप होगी जहां वह अपना खिताब बचाएंगे। अब चोपड़ा को कमर की समस्या नहीं हैं जिसने पिछले कुछ वर्षों में उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया है।
सबसे लंबे थ्रो का विश्व रिकॉर्ड रखने वाले महान एथलीट जान जेलेजनी से ट्रेंिनग लेने के बाद वह और भी अधिक आश्वस्त हैं। चोपड़ा ने दोहा में कहा था, ‘‘मैं और मेरे कोच अब भी मेरे थ्रो के कुछ पहलुओं पर काम कर रहे हैं।

मैं अब भी चीजें सीख रहा हूं। हमने इस साल फरवरी में ही साथ मिलकर काम करना शुरू किया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मुझे विश्वास है कि मैं इस साल विश्व चैंपियनशिप तक आने वाले टूर्नामेंट में और अधिक 90 मीटर थ्रो कर सकता हूं। ’’ पोलैंड में होने वाली यह प्रतियोगिता चोपड़ा के लिए इस सत्र की तीसरी प्रतियोगिता होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital